भारतीय सेना में कार्यरत अग्निवीर तिजारा निवासी संजीव सैनी पुत्र रमेश सैनी जो 526 एएससी बटालियन जम्मू-कश्मीर में ड्यूटी पर तैनात थे। डयूटी के दौरान हादसे में घायल होने के बाद उनकी मृत्यु हो गई। यह खबर सुनकर क्षेत्र के लोगों में शोक की लहर छा गई। अग्निवीर संजीव की सोमवार को सुबह करीब 8 बजे तिरंगे में लिपटी पार्थिव देह तिजारा पहुंची। तो वहां जन सैलाब उमड़ गया। मेगा हाईवे के पदमावती मंदिर के पास से अग्निवीर संजीव सैनी अंतिम यात्रा शुरू हुई, जिसमें काफी संख्या में लोग हाथों में तिरंगे लिए जयघोष करते हुए चल रहे थे। शहीद अग्निवीर संजीव की पार्थिव को देह घर पर रखा गया। जहां मां व परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था। वहां मौजूद महिलाओं ने शहीद की मां को संभाला।
अग्निवीर शहीद संजीव की अंतिम यात्रा में लोग जब तक सूरज चांद रहेगा, संजीव तेरा नाम रहेगा, वंदे मातरम, भारत माता का जयघोष करते हुए चल रहे थे। करीब दो किमी लंबी अंतिम यात्रा कस्बे के होली टीबा के पास श्मशान घाट पहुंची। जहां सेना के अधिकारियों ने पार्थिव देह पर लिपटा तिरंगे झंडे को सम्मान के साथ पिता व भाई को सौंपा। शहीद को सैनिकों ने अंतिम सलामी दी। शहीद को उसके बड़े भाई ने मुखाग्नि दी। इस दौरान शहीद को विधायक महंत बालकनाथ, पूर्व विधायक संदीप यादव, प्रधान जयप्रकाश यादव, एसडीएम संजीव कुमार, सभापति झब्बूराम सैनी, तहसीलदार कृष्ण यादव, थाना अधिकारी महेंद्र यादव, सेना के अधिकारियों सहित कई जनप्रतिनिधियों ने पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित की। वहीं मंडल अध्यक्ष कपिल गुप्ता, पार्षद अनिल बंसल, रामेश्वर सैनी, पुरुषोत्तम सैनी, महंत जस्सू, सुभाष सैनी, अजयपाल यादव सहित पूर्व सैनिक व उपस्थित लोगों ने पुष्प अर्पित किए।
शहीद के भाई राहुल ने बताया कि संजीव 22 फरवरी 2023 को 526 एएससी बटालियन में भर्ती हुआ। जो श्रीनगर में वायु रक्षा रेजीमेंट में पोस्टेड था। 24 मई की रात करीब 9.30 बजे भाई की यूनिट से सूचना मिली कि भाई का एक्सीडेंट हो गया है। इसकी परिजनों को सूचना दी। उसको रेजिमेंट में बुलाया। वहां संजीव आईसीयू में भर्ती था। 3 दिन बाद 27 मई को भाई को ऊधमपुर के लिए रेफर कर दिया। जहां 1 जून को प्रात: 1.57 बजे मृत्यु हो गई। संजीव का विवाह नहीं हुआ है, करीब एक माह पहले सगाई हुई थी।
अलवर•Jun 02, 2025 / 10:46 pm•
Kailash
Hindi News / Photo Gallery / Alwar / अग्निवीर संजीव सैनी श्रीनगर में हो गए शहीद, अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब…. देखें फोटो गैलेरी ….