मृतक महिला के पिता अशोक कुमार निवासी इस्माइलपुर किशनगढ़बास ने बताया कि उन्होंने बेटी मुस्कान की शादी धूमधाम से की थी। सामर्थअनुसार दहेज भी दिया था। शादी के बाद से ही मुस्कान का पति तनुज, देवर अंकुश, सास गुड्डी, मौसी सास धोली और काका ससुर नरेंद्र उस पर दहेज के लिए लगातार दबाव बना रहे थे। आरोप है कि ससुराल वाले एक और बाइक, पांच लाख रुपए नकद और सोने की अंगूठी की मांग कर रहे थे।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर ससुरालजनों ने मुस्कान के साथ पहले मारपीट की और फिर उसे घर के पास स्थित कुएं में फेंक दिया। बाद में आरोपी उसे मित्तल अस्पताल में मृत अवस्था में छोड़कर भाग गए। इसके बाद परिजन मुस्कान को जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। अशोक कुमार ने बताया कि मुस्कान के दोनों हाथ-पैर टूटे हुए थे और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे।