scriptनगर निगम: 833.75 करोड़ रुपये का बजट पेश, कर वसूली पर जोर, बरेली कॉलेज और आईवीआरआई के खाते होंगे सीज | Municipal Corporation: Budget of Rs 833.75 crore presented, accounts of Bareilly College and IVRI will be seized | Patrika News
बरेली

नगर निगम: 833.75 करोड़ रुपये का बजट पेश, कर वसूली पर जोर, बरेली कॉलेज और आईवीआरआई के खाते होंगे सीज

मंगलवार को हुई बैठक में महापौर उमेश गौतम के नेतृत्व में 2023-24 के वास्तविक आंकड़े और 2024-25 के अनुमानित बजट पर चर्चा हुई।

बरेलीMar 18, 2025 / 09:35 pm

Avanish Pandey

बरेली। नगर निगम की कार्यकारिणी बैठक में 2025-26 वित्तीय वर्ष के लिए 833.75 करोड़ रुपये का बजट पेश किया गया। यह अब तक का सबसे बड़ा बजट है। कर विभाग को बकाया वसूली के लिए 65 करोड़ रुपये अभी और वसूलने हैं, जिसके लिए सरकारी संस्थानों के खातों को सीज करने की तैयारी की जा रही है।

बजट पर चर्चा और कर वसूली की बनी योजना

मंगलवार को हुई बैठक में महापौर उमेश गौतम के नेतृत्व में 2023-24 के वास्तविक आंकड़े और 2024-25 के अनुमानित बजट पर चर्चा हुई। दिसंबर 2024 तक नगर निगम की कुल आय 518.61 करोड़ रुपये दर्ज की गई, जिसके आधार पर 2025-26 के लिए 833.75 करोड़ रुपये का लक्ष्य रखा गया है। नगर निगम की आय बढ़ाने के लिए विभागों को जुर्माना वसूली का लक्ष्य भी दिया गया है। इसके लिए कर विभाग में अलग-अलग टीमों का गठन होगा, जो संपत्ति कर व अन्य बकाया वसूलने का कार्य करेंगी।

बकाया कर वसूली और खाते सीज करने की तैयारी

नगर निगम को ग्रांट तभी मिलेगी, जब 70 करोड़ रुपये का लक्ष्य पूरा होगा। अब तक 51 करोड़ रुपये की वसूली हो चुकी है, लेकिन तय लक्ष्य से कम है। प्रतिदिन 1 करोड़ रुपये की वसूली का लक्ष्य है, लेकिन अभी वसूली का स्तर कम बना हुआ है। अब बरेली कॉलेज और आईवीआरआई के खातों को सीज किया जाएगा, क्योंकि इन संस्थानों पर भारी बकाया है। 2025-26 में होटलों और निजी अस्पतालों की कर वसूली के लिए अलग से टीमें गठित की जाएंगी।

स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट को मिलेगी गति

बरेली नगर निगम स्मार्ट सिटी मिशन के तहत निम्नलिखित कार्यों में तेजी लाएगा। सीवर लाइन और पेयजल व्यवस्था सुधार किया जाएगा। वहीं पार्कों और तालाबों का सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। कूड़ा निस्तारण और नए कूड़ा उठाने वाले वाहन खरीदने के निर्देश दिए हैं। हर वार्ड को स्मार्ट बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

महापौर उमेश गौतम का बयान

महापौर उमेश गौतम ने कहा, हमने 230 करोड़ से शुरुआत की थी और अब 800 करोड़ रुपये का बजट पेश कर रहे हैं। यह बरेली नगर निगम के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। हमारी प्राथमिकता राजस्व वृद्धि और नागरिक सुविधाओं में सुधार पर रहेगी।

Hindi News / Bareilly / नगर निगम: 833.75 करोड़ रुपये का बजट पेश, कर वसूली पर जोर, बरेली कॉलेज और आईवीआरआई के खाते होंगे सीज

ट्रेंडिंग वीडियो