प्रदेश में बोर्ड परीक्षाएं मार्च के प्रथम सप्ताह में शुरू होगी। ऐसे में विभाग का प्रयास है कि उपलब्ध प्राचार्य, व्याख्याता, पुस्तकालयध्यक्ष एवं शारीरिक शिक्षकों का पदस्थापन परीक्षा से पहले कर दिया जाए। ये सभी पद नई भर्ती से नहीं बल्कि पदोन्नति के माध्यम से भरे जा रहे हैं।
प्राचार्य के भरेंगे पांच हजार पद प्रदेश के पांच हजार उच्च माध्यमिक विद्यालयों में 18 फरवरी को 5005 प्राचार्य मिल जाएंगे। विभागीय प्रक्रिया चल रही है। स्थायी वरियता सूची का प्रकाशन कर 17 फरवरी को रिक्त पदों वाले स्कूलों के विकल्प भरवा रिपोर्ट तैयार की जाएगी। इसके बाद 18 फरवरी को पदस्थापन कर दिया जाएगा। ये सभी शिक्षा सत्र 2023-24 की डीपीसी से पदोन्नत होकर प्राचार्य बने हैं।
व्याख्याताओं के पदस्थापन 12 को सरकारी स्कूलों में विषय व्याख्याताओं के पद भी भरे जाएंगे। विभाग ने दस हजार वरिष्ठ शिक्षकों को पदोन्नत कर व्याख्याता बनाया है। इन्हें 12 फरवरी को स्कूलों में पदस्थापन दिया जाएगा। हालांकि वरिष्ठ शिक्षक दस हजार कम हो जाएंगे। राजस्थान लोक सेवा आयोग दो हजार पदों पर भर्ती कर रहा है। तृतीय श्रेणी शिक्षकों की पदोन्नति का मामला न्यायालय में चल रहा है।
630 पीटीआई को भी मिलेगी पदोन्नति इसी माह पुस्तकालय अध्यक्षों एवं शारीरिक शिक्षक (पीटीआई) को पदोन्नत कर दिया जाएगा। प्रदेश के 9 मंडलों में से चार मंडलों के पुस्तकालय अध्यक्षों की डीपीसी नहीं हो पाई है। इससे महज 93 पुस्तकालध्यक्ष की ही डीपीसी हो पाएगी। विभाग ने इन दोनों पदों की काउंसलिंग के लिए भी कार्यक्रम जारी किया है। 630 वरिष्ठ शारीरिक शिक्षकों की काउंसलिंग 11 फरवरी को तथा 12 फरवरी को पुस्तकालयध्यक्षों की काउंसलिंग की जाएगी। इसी तरह तृतीय श्रेणी शिक्षकों को द्वितीय श्रेणी पर पदोन्नत के लिए डीपीसी करनी शेष है।