कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, प्रदेश विधानसभा में विपक्ष के नेता उमंग सिंघार सहित सभी वरिष्ठ नेताओं ने सुबह भोपाल एयरपोर्ट पर राहुल गांधी का स्वागत किया। यहां से वे सीधे पीसीसी कार्यालय रवाना हुए लेकिन उत्साहित कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी की गाड़ी रोक ली। धक्कामुक्की होने लगी और कई नेता सड़क पर गिर पड़े।
पीसीसी कार्यालय में राहुल गांधी ने पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी और इसके बाद प्रदेश के कांग्रेस विधायकों की बैठक ली। यहां से राहुल गांधी होटल ताज पहुंचे जहां करीब एक घंटा रुकने के बाद उन्होंने रवींद्र भवन जाकर प्रदेशभर के कांग्रेस जिलाध्यक्षों, ब्लॉक अध्यक्षों सहित तमाम पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
ब्लॉक अध्यक्ष और जिला अध्यक्ष युवाओं को बनाएंगे
बैठक के बाद बाहर निकले कांग्रेस कार्यकर्ताओं में अलग ही आत्मविश्वास नजर आया। दरअसल यहां राहुल गांधी ने कांग्रेस के आम कार्यकर्ताओं के मन की बात कही। उन्होंने कहा कि पार्टी में अब नई पीढ़ी को आगे बढ़ाएंगे। ब्लॉक अध्यक्ष और जिला अध्यक्ष युवाओं को बनाएंगे और ये पद अब पावरफुल होंगे।
संगठन के निर्देश पर ही विधायक और सांसद का चुनाव लड़ाया जाएगा
इतना ही नहीं, राहुल गांधी ने विधानसभा और लोकसभा चुनावों में पार्टी की टिकट देने के मामले में भी अपना रुख साफ कर दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी के ब्लॉक अध्यक्ष और जिला अध्यक्ष जिसके बारे में कहेंगे, उसे टिकट दी जाएगी। अब संगठन के निर्देश पर ही विधायक और सांसद का चुनाव लड़ाया जाएगा।