पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर खुद मौके पर पहुंचे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) सौरभ तिवाड़ी के मुताबिक, एकतानगर निवासी मांगीलाल जाट की 30 वर्षीय पत्नी मनीषा अधजली अवस्था में घर में मिली। आशंका है कि महिला की हत्या कर शव को जलाया गया है। घटना के समय महिला घर में अकेली थी। मृतका के पति मांगीलाल की रिपोर्ट पर हत्या और सबूत मिटाने के आरोप में मामला दर्ज कराया गया है।
तीन बच्चे हैं मृतका के
पुलिस के अनुसार मांगीलाल और उसका भाई महेन्द्र साथ रहते हैं, जबकि एक अन्य भाई मुनीराम पास में ही मकान बना कर रह रहा है। मनीषा के तीन बच्चे हैं, जिसमें दो लड़कियां और एक लड़का है। शुक्रवार सुबह पति काम पर चला गया। बच्चे स्कूल चले गए।
घर के पास दिखा युवक पिछले दरवाजे से भागा
पड़ोसियों की मानें, तो घटना से पहले सुबह करीब साढ़े दस बजे मांगीलाल के घर के पास एक युवक देखा गया था। घर का मुख्य दरवाजा बंद था। पिछले दरवाजे पर एक युवक खड़ा था, जिस पर पड़ोसियों की नजर पड़ी, तो वह वहां से भाग छूटा। पुलिस ने भी मकान के पीछे से युवक के पदचिन्हों की पड़ताल की है।