स्टब्स और क्लासेन को नहीं मिली जगह
दक्षिण अफ्रीका की एकादश में ट्रिस्टन स्टब्स को जगह नहीं मिली, जबकि हेनरिक क्लासेन को बाईं कोहनी में चोट के कारण एहतियात के तौर पर आराम दिया गया। दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत अच्छी नहीं रही। सलामी बल्लेबाज टोनी डी जोरजी को रन बनाने में संघर्ष करना पड़ा। अफगानी गेंदबाजों को पिच की मूवमेंट से मदद मिल रही थी। टोनी डी जोरजी महज 11 रन बनाकर पवेलियन लौटे। मोहम्मद नबी को पहला विकेट मिला। इसके बाद दक्षिण अफ्रीका की पारी को संभालने के लिए क्रीज पर कप्तान बावुमा आए। उन्होंने रिकल्टन के साथ पारी को आगे बढ़ाया।
रयान रिकेल्टन ने रचा इतिहास
अफगानिस्तानी गेंदबाजों के सामने रिकल्टन शानदार फॉर्म में दिखे। जब भी ढीली गेंद मिली, उन्होंने जमकर प्रहार किया। महज 48 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। शुरू में धीमा खेल रहे बावुमा ने भी तेजी दिखाते हुए ग्राउंड के चारों तरफ शॉट्स खेले। दोनों ने 129 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की। बावुमा तेजी से रन बनाने के चक्कर में डीप मिडविकेट पर आउट हुए। उन्होंने 76 गेंदों पर 58 रन बनाए। हालांकि, रिकल्टन ने संयम बनाए रखा और एक शानदार पारी खेली। वह चैंपियंस ट्रॉफी में डेब्यू पर शतक बनाने वाले पहले दक्षिण अफ्रीकी बन गए। जब लग रहा था कि दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 350 के आसपास पहुंच सकता है, अच्छे लय में दिख रहे रिकल्टन शतक जमाने के तुरंत बाद रन आउट हो गए। राशिद खान ने अपनी ही गेंद पर फील्डिंग करते हुए स्टंप पर थ्रो मारा और दक्षिण अफ्रीका को तीसरा झटका लगा। रिकेल्टन ने 106 गेंदों पर सात चौकों और एक छक्के की मदद से 103 रन बनाए। नबी ने दो विकेट लिए, जबकि फजलहक फारूकी, अजमतुल्ला उमरजई और नूर अहमद के खाते में एक-एक विकेट आए।