गुजरात टाइटंस की खराब शुरुआत
मुंबई इंडियंस से जीत के लिए मिले 229 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस की शुरुआत खराब रही। कप्तान शुभमन गिल महज 1 रन बनाकर चलते बने। ऐसे में साई सुदर्शन ने कुसल मेंडिस के साथ मिलकर पारी को आगे बढ़ाया। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 34 गेंद में 64 रन की साझेदारी हुई। यह साझेदारी 6.2वें ओवर में कुसल मेंडिस (20 रन) के आउट होने के साथ टूटी। इसके बाद साई सुदर्शन ने वाशिंगटन सुंदर के साथ तीसरे विकेट के लिए 44 गेंद में 84 रन की साझेदारी की। यह साझेदारी 13.4 वें ओवर में वाशिंगटन सुंदर के आउट होने के साथ टूटी। वाशिंगटन सुंदर 24 गेंद में 5 चौके और 3 छक्के संग 48 रन बनाकर आउट हो गए। साई सुदर्शन ने ठोका तेजतर्रार अर्द्धशतक
वाशिंगटन के बाद साई सुदर्शन भी 15.4वें ओवर में 170 के टीम स्कोर पर चलते बने। साई सुदर्शन ने 49 गेंद में 10 चौके और 1 छक्के संग 80 रन बनाकर आउट हो गए। साई सुदर्शन के बाद शेरफेन रदरफोर्ड तेजी से रन बनाने की कोशिश में 18.1 ओवर में 195 रन के टीम स्कोर पर चलते बने। रदरफोर्ड 15 गेंद में 4 चौके संग 24 रन बनाकर आउट हुए। उनके आउट होने के बाद राहुल तेवतिया और शाहरुख खान ने पारी को आगे बढ़ाया। हालांकि 19.4वें ओवर में शाहरुख खान 13 रन बनाकर आउट हो गए।
पारी की आखिरी दो गेंदों के लिए राहुल तेवतिया (नाबाद 16 रन, 11 गेंद) का साथ देने राशिद खान (0 रन, 2 गेंद) आए। दोनों गुजरात टाइटंस के स्कोर को 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 208 रन ही पहुंचा सके। इस तरह गुजरात टाइटंस को 20 रन से हार का सामना करना पड़ा और इसी के साथ टूर्नामेंट में उसका सफर समाप्त हो गया।
मुंबई इंडियंस की ओर से ट्रेंट बोल्ट ने 2 जबकि जसप्रीत बुमराह, रिचर्ड ग्लीसन, मिचेल सैंटनर और अश्वनी कुमार ने 1-1 विकेट चटकाए।
रोहित शर्मा अपने तीसरे IPL शतक से चूके
इससे पहले मुंबई इंडियंस ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए 5 विकेट के नुकसान पर 228 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया है। बेहद अहम मैच में मुंबई के लिए पारी की शुरुआत करने रोहित शर्मा और जॉनी बेयरेस्टो उतरे थे। दोनों ने 7.2 ओवर में 84 रन की साझेदारी की। बेयरेस्टो 22 गेंद पर तीन छक्के और चार चौके की मदद से 47 रन बनाकर आउट हुए। रोहित शर्मा ने 50 गेंद पर चार छक्के और नौ चौके लगाते हुए 81 रनों की धुआंधार पारी खेली। रोहित के पास अपना तीसरा आईपीएल शतक पूरा करने का मौका था, लेकिन रन गति बढ़ाने की कोशिश में वह अपना विकेट गंवा बैठे।
मुंबई के लिए सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा और कप्तान हार्दिक पांड्या ने छोटी लेकिन अहम और विस्फोटक पारियां खेलीं। सूर्यकुमार यादव ने 20 गेंद में तीन छक्के और एक चौके की मदद से 33 रन, तिलक वर्मा ने 11 गेंदों पर तीन छक्के लगाते हुए 25 और हार्दिक पांड्या ने नौ गेंद पर तीन छक्के लगाते हुए 22 तेज रन बनाए। इन्हीं पारियों के दम पर मुंबई ने 20 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 228 रन बनाए।
प्रसिद्ध कृष्णा महंगे साबित हुए
गुजरात टाइटंस की गेंदबाजी पूरी तरह फ्लॉप रही। पूरे सीजन अपनी गेंदबाजी से प्रभावित करने वाले प्रसिद्ध कृष्णा महंगे साबित हुए। कृष्णा ने चार ओवर में 53 रन लुटाए, हालांकि उन्हें दो विकेट भी मिले। गेराल्ड कोएट्जी ने तीन ओवर में 51 रन दिए और उन्हें कोई विकेट नहीं मिला। मोहम्मद सिराज ने चार ओवर में 37 रन देकर 1 और साई किशोर ने 4 ओवर में 42 रन देकर दो विकेट लिए।