हनुमानगढ़ जिले में कालीबंगा संग्रहालय के अलावा जिला मुख्यालय पर स्थित भटनेर दुर्ग भी काफी महत्वपूर्ण है। मजबूती के लिहाज से भारत के मजबूत किले में इसका नाम शुमार है। भटनेर किला, कालीबंगा संग्रहालय, गोगामेड़ी मंदिर सहित अन्य ऐतिहासिक स्थलों का पर्यटन हब बनाकर, यहां तक लोगों की पहुंच को आसान बनाने की योजना पर काम करने की जरूरत है। ताकि यहां पर पर्यटकों की आवाजाही बढ़े। इससे स्थानीय लोगों को रोजगार के साधन भी मिलेंगे।
कालीबंगा संग्रहालय के आसपास बड़े क्षेत्र में थेहड़ हैं। थेहड़ मतलब हड़प्पाकाल में विकसित कॉलोनियां। माना जाता है कि एक थेहड़ या कॉलोनी में एक सौ से सवा सौ परिवार रहते थे। कालीबंगा संग्रहालय के एक कोने में करीब सात फुट के मनुष्य का कंकाल रखा गया है। उत्खनन स्थल पर जहां से कंकाल मिले हैं, वहां पर मिट्टी के कुछ बर्तन भी मिले हैं। कंकाल की ऊंचाई के लिहाज से माना जाता है कि हड़प्पन लोग सात फुट के करीब होते थे।
इस संग्रहालय में देखने के लिए काफी कुछ रखा गया है। नगर सभ्यता की दृष्टि से कालीबंगा क्षेत्र दुनिया में बेहतर मॉडल माना जाता है। अन्य देशों के लोग जहां जंगलों में जीवन बसर कर रहे थे, उस वक्त कालीबंगा के लोग खेती करते थे। नगर बसाकर नियोजित व्यापार करते थे। ड्रेनेज सिस्टम इतना बेहतर था कि कहीं भी पानी नहीं ठहरता था। ईंटों को पकाने की ऐसी तकनीक विकसित की थी, जिसे आज तक पुरातत्व विभाग की टीम समझने का प्रयास कर रही है। कालीबंगा संग्रहालय की गैलरी में हड़प्पाकालीन मृदभांडों व उनके अवशेषों, पक्की मिट्टी से बने खिलौनों, शतरंज व चौसर खेलने के पासों, पानी निकासी के लिए प्रयोग किए जाने वाली पाइपों, छोटे पक्षियों के शिकार के लिए काम में ली जाने वाली सीलिंग बॉल्स व पक्की मिट्टी के बर्तन, अंत्येष्टि संस्कार प्रक्रिया में उपयोग होने वाले बर्तनों तथा उत्खनन से प्राप्त तांबा निर्मित उपकरणों को दर्शाया गया है।
जिले का कालीबंगा क्षेत्र इतना महत्वपूर्ण होते हुए भी आज भी बड़े शहरों से सीधी बस व रेल सेवा से नहीं जुड़ा हुआ है। इस वजह से लोग यहां तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। पर्यटकों के यहां ठहरने के लिए कोई रेस्ट हाउस अथवा धर्मशाला भी नहीं है। कालीबंगा संग्रहालय शुक्रवार को छोडकऱ पूरे सप्ताह पर्यटकों के लिए खुला रहता है। पर्यटकों की जानकारी के लिए गैलरियों में जगह-जगह पुरावशेषों के बारे में जानकारी लिखकर बोर्ड भी लगाए हुए हैं। संग्रहालय में भारतीय नागरिकों व अन्य देश के नागरिकों के लिए प्रवेश शुल्क पांच रुपए निर्धारित है। जबकि 14 वर्ष से कम उम्र के बच्चों का प्रवेश नि:शुल्क है।
कालीबंगा क्षेत्र सभ्यता की दृष्टि से काफी समृद्ध है। करीब पांच हजार वर्ष पुरानी सभ्यता के अवशेष यहां मिले हैं। काफी महत्वपूर्ण स्थल कह सकते हैं। कालीबंगा संग्रहालय के आसपास पंचायतीराज विभाग की ओर से जो भी विकास कार्य करवाए जा सकते हैं, इसकी योजना मैं जल्द तैयार करवाता हूं। रही बात परिवहन सुविधा की तो इसके लिए डीटीओ से चर्चा कर लोकल लोगों के लिए सीधी बस सेवा शुरू करवाने का प्रयास करेंगे। ताकि स्थानीय लोगों का कालीबंगा तक पहुंचना आसान हो सके।
-ओपी बिश्नोई, सीईओ, जिला परिषद हनुमानगढ़।