MP Weather Alert: पूरे एमपी पर छाया मानसून, लगातार 7 दिन झमाझम बरसेंगे बादल (फोटो सोर्स: patrika.com)
Monsoon Alert : बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से लगातार मिल रही नमी के कारण शहर में शुक्रवार को देर रात झमाझम बारिश हुई। इससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। अगले २४ घंटों के दौरान तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है। रात करीब 11 बजे अचानक आसमान पर घने बादल उमड़ आए और तेज बारिश होने लगी। करीब एक घंटे तक तेज बारिश होती रही। इसके बाद मद्धिम पड़ गई लेकिन फिर सुबह तक रुक रुक कर बारिश का सिलसिला चलता रहा। जबलपुर सम्भाग के जिलों में भी आंधी-बारिश का दौर जारी है।
प्रदेश के उत्तर-पूर्वी हिस्से में एक चक्रवात तो दक्षिणी हिस्से से ट्रफ भी गुजर रही है। इसके चलते मौसम विभाग ने शुक्रवार को जबलपुर में भी बारिश की भविष्यवाणी जारी की थी। मौसम विभाग ने फिर अगले 2-3 दिन जबलपुर सम्भाग के जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। इस दौरान हवा की गति 30-40 किमी प्रतिघंटा रह सकती है। शनिवार को तेज हवा के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
Monsoon Alert : दो इंच वर्षा के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, कम दबाव का एक क्षेत्र ऊपरी हवा के चक्रवातीय परिसंचरण के प्रभाव से बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र ओडिशा, पश्चिम बंगाल के तटीय क्षेत्रों पर सक्रिय है। इसके उत्तरी ओडिशा और पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदान, झारखंड और छत्तीसगढ़ से होते हुए पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने की सम्भावना है।
Monsoon Alert : कई सिस्टम सक्रिय
हवा में नमी आ रही है। शनिवार को जबलपुर सम्भाग के जिलों में आंधी के साथ भारी बारिश के आसार हैं। 24 घंटे में 2 इंच तक पानी गिर सकता है।
Monsoon Alert : तापमान बढ़ा
सूर्यदेव निकलने के चलते दिन का तापमान हल्का बढ़ा। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 31.3 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से तीन डिग्री कम था। रात का न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री दर्ज हुआ। यह सामान्य से दो डिग्री कम था। हवा में नमी 92 फीसदी दर्ज की गई। सीजन में कुल वर्षा का आंकड़ा 5.56 इंच (141.1 मिमी) पहुंच गया।