scriptRajasthan: मातम में बदली सगाई की खुशियां, सरकारी शिक्षक समेत 2 सगे भाई और मां की मौत, एक्सप्रेस-वे पर लहूलुहान हाल में पड़े मिले शव | Govt Teacher And 2 Real Brother With Mother Died In Tragic Road Accident On Delhi-Mumbai Expressway | Patrika News
कोटा

Rajasthan: मातम में बदली सगाई की खुशियां, सरकारी शिक्षक समेत 2 सगे भाई और मां की मौत, एक्सप्रेस-वे पर लहूलुहान हाल में पड़े मिले शव

4 Died In Horrific Accident: करौली का सोनी परिवार इंदौर से सगाई समारोह से वापस लौट रहा था, तभी हादसे का शिकार हो गया। सगाई समारोह से लौट रही मिनी बस आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई।

कोटाJul 14, 2025 / 10:08 am

Akshita Deora

हादसे के बाद मृतकों को देखकर रोते घायल लोग (फोटो: पत्रिका)

Delhi-Mumbai Expressway Accident: कोटा ग्रामीण के बूढ़ादीत थाना क्षेत्र में रविवार अलसुबह दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसे में करौली के एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 9 अन्य गंभीर घायल हो गए। मृतकों में 2 सगे भाई, उनकी मां और बहनोई शामिल है।
हादसा निमोदा उजाड़ के पास चंबल पुलिया एक्सप्रेस-वे पर हुआ। जानकारी के अनुसार करौली का सोनी परिवार इंदौर से सगाई समारोह से वापस लौट रहा था, तभी हादसे का शिकार हो गया। सगाई समारोह से लौट रही मिनी बस आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। इससे मिनी बस आगे से चकनाचूर हो गई। घटना के बाद मिनी बस का चालक फरार हो गया।
बूढ़ादीत थानाधिकारी रघुवीर सिंह हाड़ा ने बताया कि करौली के सीताबाड़ी क्षेत्र से सोनी परिवार मिनी बस से इंदौर गया था। वहां ज्वैलर अनिल सोनी के सॉफ्टवेयर इंजीनियर बेटे ऋतिक की सगाई और गोदभराई का कार्यक्रम था। इस बस में बच्चों को मिलाकर करीब 14 लोग सवार थे। परिवार शनिवार रात 9 बजे वापस करौली लौट रहा था कि रविवार सुबह 5 बजे करीब यह हादसा हो गया।
पुलिस के अनुसार मिनी बस तेज रफ्तार में थी और संभवत: ड्राइवर को झपकी आने से हादसा हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ने कोटा के एमबीएस अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घायल 9 लोगों में से 7 की हालत गंभीर है। इनमें से चार को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तीन का इलाज एमबीएस हॉस्पिटल में चल रहा है।
अन्य 2 को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी। मृतकों में करौली के सीताबाड़ी निवासी दो सगे भाई अनिल सोनी (49) और ब्रजेश सोनी (45) पुत्र ईश्वरलाल, उनकी मां गीता सोनी (64 ) और भरतपुर निवासी बहनोई सुरेश सोनी (50) पुत्र रघुवीर की मौत हो गई। मृतक सुरेश सोनी सरकारी शिक्षक थे और उनकी पोस्टिंग भरतपुर में थी।

ये हुए हादसे में घायल

हादसे में करौली सीताबाडी निवासी तनुज पुत्र अनिल कुमार (25), ममता पत्नी ब्रजेश (48), सानिया पुत्री शिवलहरी (20), भरतपुर निवासी संजीव पुत्र सोहनलाल (54), उनकी पत्नी सीमा (46), बेटा हिमांशु (13), प्रियांशु पुत्र सुरेश (25), आगरा के इरादत नगर निवासी प्रमोद पुत्र विधिचन्द (49), उनकी पत्नी राधा वर्मा (48) घायल हुए हैं।

पहले नजदीकी अस्पताल लेकर गए

पुलिस ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही एक्सप्रेस-वे की एंबुलेंस आई, जिससे घायलों व मृतकों को बूंदी जिले के देईखेड़ा अस्पताल ले गए। वहां से कोटा लेकर गए। मृतक अनिल के भतीजे संजय ने बताया कि परिवार के सदस्य सानिया, ममता, संजू, छोटू समेत 7 लोग हॉस्पिटल में भर्ती हैं। 2 सदस्यों को हल्की चोट आई थी। उन्हें हॉस्पिटल से छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिए।

भयावह था दृश्य

घटना के प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक्सप्रेस-वे पर दृश्य बेहद भयावह था। चीख-पुकार, लहूलुहान लोग और क्षतिग्रस्त वाहन। मौके पर पहुंची पुलिस और एंबुलेंस ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।

संवेदना जताई

दुर्घटना पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, उपमुयमंत्री दिया कुमारी ने दुख व्यक्त करते हुए शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

सगाई की खुशियां मातम में बदली

बूढ़ादीत थाना क्षेत्र में रविवार तड़के दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर हुए दर्दंनाक हादसे में एक ही परिवार के चार जनों की मौत के बाद परिवार में सगाई की खुशियां मातम में बदल गई। दुर्घटना के दौरान मिनी बस में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। जानकारी के अनुसार यह परिवार करौली निवासी सॉफ्टवेयर इंजीनियर ऋतिक शर्मा का था, जिनकी सगाई इंदौर की एक युवती से हुई थी। दोनों ही बेंगलुरु में सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। परिवार इंदौर सगाई समारोह में शरीक होने गया था। समारोह के बाद ऋतिक वहीं से बेंगलुरु लौट गया था। लेकिन पीछे उसका पूरा परिवार हादसे का शिकार हो गया। दुर्घटना में ऋतिक के पिता, चाचा, फूफा और दादी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जबकि एक अन्य फूफा संजय सोनी की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका कोटा एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।

Hindi News / Kota / Rajasthan: मातम में बदली सगाई की खुशियां, सरकारी शिक्षक समेत 2 सगे भाई और मां की मौत, एक्सप्रेस-वे पर लहूलुहान हाल में पड़े मिले शव

ट्रेंडिंग वीडियो