मीडिया रिपोर्ट के अनुसार शोभापुर के रहने वाले राशिद की शादी करीब आठ साल पहले जाटौली गांव की रहने वाली आबिदा के साथ हुई थी। शादी के बाद राशिद ससुराल में ही रहने लगा। यहां ससुराल में राशिद ने सब्जी की दुकान खोल ली थी। पिछले दिनों व्यापार में नुकसान हो जाने के बाद राशिद ने सब्जी की दुकान बंद कर दी थी। इसी को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद रहता था। बुधवार को एक बार फिर से इनके बीच विवाद हो गया। झगड़े के बाद राशिद घर छोड़कर बाहर चला गया। इससे गुस्साई आबिदा ने अपनो दोनों बच्चों के साथ जहरीला पदार्थ खा लिया। जहरीले पदार्थ का सेवन करने के कुछ ही देर बाद तीनों के मुंह से झाग निकलने लगे। यह देख परिजन डर गए और तीनों को आनन-फानन में अस्पताल ले गए। करीब दो घंटे तक चले उपचार के बाद बेटी जायरा ने दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद मां आबिदा और बेटे जैद की हालत अभी भी गंभीर बनी हई है। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।