केंद्र में पीएम मोदी, बिहार में नीतीश कुमार चेहरा
चिराग पासवान ने विपक्ष पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जैसे केंद्र में पीएम मोदी चेहरा हैं, वैसे ही बिहार में नीतीश कुमार चेहरा हैं। विपक्ष अपनी कमजोर होती जमीन से परेशान है और इसी बौखलाहट में उल्टे-सीधे बयान दे रहा है। उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और कांग्रेस के बीच तालमेल की कमी को उजागर करते हुए कहा कि कांग्रेस इस बार राजद के दबाव से बचकर आगे बढ़ने की कोशिश कर रही है। चिराग ने तंज कसते हुए कहा कि विपक्षी गठबंधन को डर है कि चुनाव आने तक उनका अपना गठबंधन ही खत्म हो जाएगा। दूसरी ओर, एनडीए के पांच दलों का गठबंधन “जीत का गठबंधन” है।
निशांत कुमार की सियासी एंट्री पर क्या बोले चिराग
उन्होंने हाल के उपचुनावों का जिक्र करते हुए अपनी बात को मजबूत किया। चिराग ने कहा कि उपचुनाव में एनडीए ने ऐसी सीटें जीतीं, जो कई सालों से गठबंधन नहीं जीत पाया था। यह “डबल इंजन” सरकार और गठबंधन की ताकत को दर्शाता है।नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के राजनीति में आने की अटकलों पर चिराग ने कहा कि यह निशांत का व्यक्तिगत फैसला होगा। अगर वह राजनीति में आते हैं, तो उनका स्वागत किया जाएगा। बिहार के लिए यह साल चुनावी दृष्टि से बेहद अहम है। सभी राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। हाल ही में बुधवार को नीतीश कैबिनेट का विस्तार भी हुआ था। माना जा रहा है कि अक्टूबर-नवंबर 2025 के आसपास बिहार में विधानसभा चुनाव हो सकते हैं। चिराग पासवान का यह बयान एनडीए की रणनीति और आत्मविश्वास को दर्शाता है, वहीं विपक्ष के लिए चुनौती बढ़ाता है।