scriptहरियाणा में सरपंच की बंदूक छीन कर बदमाशों ने उसे ही मार दी गोली, मरने से पहले पुलिस को फोन कर मांगी मदद | Jind Sarpanch shot dead by miscreants, he called police for help before dying | Patrika News
राष्ट्रीय

हरियाणा में सरपंच की बंदूक छीन कर बदमाशों ने उसे ही मार दी गोली, मरने से पहले पुलिस को फोन कर मांगी मदद

जिंद के एक गांव सरपंच की गुरुवार रात कुछ अज्ञात बदमाशों ने गोली मार कर हत्या कर दी। 46 साल के रोहताश रात में जिंद से अपने गांव लौट रहे थे तभी बदमाशों ने उन पर हमला किया और उनकी लाइसेंस पिस्टल छीन कर उन्हें ही गोली मार दी।

भारतJul 18, 2025 / 04:24 pm

Himadri Joshi

harayana sarpanch shot dead

harayana sarpanch shot dead ( photo – patrika network )

हरियाणा के जींद के चाबरी गांव के सरपंच रोहताश की बदमाशों ने गोली मार कर हत्या कर दी। गुरुवार रात करीब साढ़े बारह बजे रोहताश जींद से अपने घर वापस लौट रहे थे। तभी पिंडारा और रधाना गांव के बीच रास्ते में कुछ अज्ञात बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। बदमाश उनके साथ धक्का – मुक्की करने लगे और इसी बीच उन्होंने रोहताश की लाइसेंस पिस्टल छीन कर उन्हें गोली मार दी। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश पिस्टल वहीं फेक मौके से फरार हो गए।

सिर में गोली लगने से मौके पर मौत

46 साल के रोहताश को सिर में गोली लगी जिसके चलते मौके पर ही उनकी मौत हो गई। रिपोर्ट के मुताबिक, मरने से पहले रोहताश ने पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर फोन पर मदद मांगी थी। उन्होंने पुलिस को कहा था, कि कुछ अज्ञात बदमाश मेरे साथ हाथापाई कर रहे है और उन्होंने मेरी पिस्टल भी मुझसे छीन ली है। इसके साथ ही सरपंच ने पुलिस से उनकी जान बचाने की गुजारिश भी की। हालांकि पुलिस जब तक मौके पर पहुंची तब तक बदमाश घटना को अंजाम दे चूके थे।

बेटे की शिकायत के आधार पर शुरु की जांच

पुलिस ने घटना स्थल की जांच कर शव को अपने कब्जे में लिया और फिर उसे पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया। सरपंच के बेटे सुमित के बयान पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरु कर दी है। बता दें कि, सरंपच रोहताश के दो बच्चे थे। रोहताश मूल रूप से शामड़ी गांव के रहने वाले थे लेकिन पिछले 30 वर्षों से वह अपने परिवार के साथ चाबरी गांव में ही रह रहे थे। वह यहां डॉक्टरी की प्रैक्टिस करते थे। सरपंच की हत्या किए जाने से गांव के लोगों में भारी आक्रोश है।

पुलिस ने तीन चार लड़कों को लिया हिरासत में

जींद डीएसपी ने जानकारी देते हुए बताया है कि, पुलिस ने मामले की जांच शुरु कर दी है और संदेह के आधार पर तीन चार लड़को को हिरासत में भी लिया गया है, जिनसे पुछताछ की जा रही है। आरोपियों को पकड़ने के लिए आस पास के इलाके में नाकाबंदी कर सर्च अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस जानकारी के अनुसार फिलहाल इस मामले की जांच लेन-देन और रंजिश के एंगल से की जा रही है।

Hindi News / National News / हरियाणा में सरपंच की बंदूक छीन कर बदमाशों ने उसे ही मार दी गोली, मरने से पहले पुलिस को फोन कर मांगी मदद

ट्रेंडिंग वीडियो