scriptपीएम मोदी देंगे बड़ी सौगात, दिल्ली की सियासत के लिए कितना जरूरी है बिहार | PM Modi will visit Bihar on 20 June | Patrika News
राष्ट्रीय

पीएम मोदी देंगे बड़ी सौगात, दिल्ली की सियासत के लिए कितना जरूरी है बिहार

बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी पूरी तैयारी से जुटी हुई है। वह 20 जून को बिहार के सिवान में 10 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा की सौगात देंगे।

पटनाJun 19, 2025 / 12:53 pm

Pushpankar Piyush

PM Modi-CM Nitish Kumar

PM Modi-CM Nitish Kumar

दिल्ली की सियासत का रास्ता बिहार (Bihar) से होकर गुजरता है। बिहार की पॉलिटिक्स देश का नैरिटिव सेट करती है। भाजपा (BJP) के लिए बिहार जीतना बहुत जरूरी है। 2025 बिहार विधानसभा चुनाव (Bihar Assembly Election) अगले यूपी विधानसभा चुनाव (2027) और 2029 की लोकसभा चुनाव की दिशा तय कर सकता है। पीएम मोदी (PM Modi) भी इस बात को बखूबी समझते हैं। इस साल प्रधानमंत्री मोदी चौथी बार बिहार दौरे पर आ रहे हैं।

20 जून को बिहार आएंगे पीएम मोदी

पीएम मोदी 20 जून को बिहार के सिवान (Siwan) आ रहे हैं। वह बिहार को दस हजार करोड़ रुपए से ज्यादा की सौगात देंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पीएम आवास योजना (pm awas yojana) के तहत 51 हजार लोगों को पहली किस्त जारी करेंगे। 5361 करोड़ रुपए की योजनाओं को उद्घाटन व शिलान्यास करेंगे। वह सिवान से वंदे भारत ट्रेन (Vande Bharat Train) को हरी झंडी भी दिखाएंगे।
यह भी पढ़ें
क्या अधिकारियों पर मेहरबान हैं नीतीश? चहेते अफसरों की हिस्ट्री जानिए

इन प्रोजेक्ट्स के लिए जारी करेंगे राशि

पीएम मोदी बेतिया पावर सप्लाई प्रोजेक्ट, छपरा वाटर सप्लाई प्रोजेक्ट, बक्सर वाटर सप्लाई प्रोजेक्ट, मोतिहारी सीवरेज प्रबंधन प्रोजेक्ट, बक्सर सीवरेज प्रोजेक्ट, सासाराम सीवरेज प्रोजेक्ट, सिवान सीवरेज नेटवर्क और ट्रीटमेंट प्लांट, बेगूसराय वाटर प्रोजेक्ट, साराराम वाटर सप्लाई प्रोजेक्ट, मोतिहारी I&D और STP प्रोजेक्ट, रक्सौल I&D और STP प्रोजेक्ट, बक्सर I&D और STP प्रोजेक्ट, आरा I&D और STP प्रोजेक्ट के लिए के लिए राशि जारी करेंगे।

पीएम मोदी वंदे भारत ट्रेन को भी दिखाएंगे हरी झंडी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सिवान में वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। यह ट्रेन पाटलिपुत्रा रेलवे स्टेशन से गोखपुर के बीच चलेगी। पीएम मोदी मढ़ौरा स्थित डीजल लोकोमोटिव फैक्ट्री में बने निर्यात के लिए पहले लोकोमोटिव को भी हरी झंडी दिखाएंगे।
यह भी पढ़ें

सीएम की कुर्सी तक पहुंचने के लिए एक-एक वोट जरूरी, 12 हजार वोट से चूके थे तेजस्वी, सहनी बनेंगे X फैक्टर

गिनी को किया जाएगा लोकोमोटिव इंजन एक्सपोर्ट

सिवान के मढ़ौरा में बने लोकोमोटिव डीजल इंजन को पश्चिमी अफ्रीकी देश गिनी को एक्सपोर्ट किया जाएगा। सिवान स्थित फैक्ट्री PPP मॉडल पर आधारित है। इसमें वेबटेक की हिस्सेदारी 76 फीसदी और रेलवे की हिस्सेदारी 24 फीसदी है।

पूर्णकालिक बजट में मोदी सरकार ने भर दी थी बिहार की झोली

NDA 3.0 में बिहार और आंध्र प्रदेश की हिस्सेदारी निर्णायक है। लोकसभा चुनाव में बिहार में NDA को 40 में से 30 सीटें मिली थी। जिनमें भाजपा की 12, जदयू की 12 और लोजपा की 5 और हम (सेक्युलर) की एक सीट है। मोदी 3.0 बिहार के सीएम नीतीश और आंध्र प्रदेश के सीएम चंद्रबाबू नायडू के सहारे चल रही है। मोदी 3.0 ने अपने पूर्णकालिक बजट में बिहार और आंध्र की झोली भर दी थी।
पूर्णकालिक बजट (2024-2025) में केंद्रीय वित्तमंत्री निर्मला ने बिहार में मखाना बोर्ड के गठन की घोषणा की। IIT पटना में सीट बढ़ाने की घोषणा की। पश्चिमी कोसी नहर परियोजना को केंद्र सरकार द्वारा आर्थिक मदद देने की घोषणा की। पटना से सटे बिहटा में ग्रीन फिल्ड एयरपोर्ट बनाने का घोषणा की।

तेजस्वी यादव ने पीएम मोदी को घेरा

राजद नेता और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव (Tejaswi Yadav) ने पीएम मोदी पर जुबानी हमला बोला। तेजस्वी ने कहा कि बिहार में चुनाव होना है, इसलिए पीएम मोदी आ रहे हैं, लेकिन जब बिहार को जरूरत होती है तो कोई नजर नहीं आता है। बिहार को केंद्र सरकार से मदद नहीं मिलती है। केंद्र सरकार ने बिहार को विशेष राज्य का दर्जा नहीं दिया, न ही विशेष आर्थिक पैकेज दी है।
पीएम मोदी महंगाई रोकने के लिए बिहार नहीं आ रहे हैं। वह गरीबी मिटाने के लिए बिहार नहीं आ रहे हैं। राजद सुप्रीमो लालू यादव और हमें जितना गरियाना है गरिया लीजिए। बिहार में एक भी दिन ऐसा नहीं गुजरता है, जब 200 राउंड गोली न चली हो। पीएम मोदी आज तक चीनी मिल चालू नहीं करा पाए हैं।
यह भी पढ़ें

बिहार विधानसभा चुनाव: नीतीश के बिना बनेगी सरकार, महागठंधन खुश, जनसुराज का क्या होगा?

मोदी के लिए बिहार कितना है जरूरी

भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए बिहार बेहद जरूरी है। महाराष्ट्र और हरियाणा के विधानसभा चुनाव में बीजेपी को अप्रत्याशित जीत मिली। अब बीजेपी के लिए फिलहाल सबसे बड़ी चुनौती बिहार ही है। बिहार में महागठबंधन राजद के नेतृत्व में मजबूत दिख रहा है। नीतीश कुमार और NDA लगभग 20 साल से सत्ता में काबिज है। एंटी इनकंबेंसी का फैक्टर भी है। बिहार विधानसभा चुनाव जीतने के लिए बीजेपी माइक्रो मैनेजमेंट कर रही है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के निर्देश के बाद बिहार बीजेपी हर बूथ पर फोकस बढ़ा रही है।

NDA में क्या चल रहा है

कुछ दिनों पहले बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर दिल्ली में बीजेपी की एक बैठक हुई थी। उस बैठक में सीट शेयरिंग को लेकर पहली रुपरेखा तैयार की गई थी। माना जा रहा है कि बिहार विधानसभा चुनाव में गठबंधन के तहत जदयू 102-103 सीट, बीजेपी 101-102 सीट, लोजपा (रामविलास) 25-28 सीट, हम (सेक्युलर) 6-7 सीट, रालोम 4-5 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। हालांकि, चिराग 50 सीटों पर ताल ठोक रहे हैं। उपेंद्र कुशवाहा भी समय-समय पर गठबंधन को चेता रहे हैं। मांझी की भी इच्छा 10 से अधिक सीटों पर लड़ने की है। जदयू इस बार भी बड़े भाई की भूमिका निभाना चाहती है।

विकास और जंगलराज के मुद्दे पर चुनाव लड़ेगी NDA

बिहार विधानसभा चुनाव में सीएम नीतीश कुमार की अगुवाई वाली NDA विकास और जंगलराज के मुद्दे पर चुनाव लड़ेगी। जदूय और भाजपा केंद्र व राज्य सरकार के विकास कार्यों को गिनाएगी। साथ ही, लालू-राबड़ी के कार्यकाल को जंगलराज बताते हुए विपक्षी गठबंधन पर हमलावर होगी।

नवंबर में होना है बिहार विधानसभा चुनाव

बिहार विधानसभा चुनाव दो से तीन चरणों में हो सकते हैं। चुनाव की तारीखें दिवाली और छठ पर्व को ध्यान में रखकर तय की जाएंगी। बिहार विधानसभा का कार्यकाल 22 नवंबर 2025 को खत्म हो रहा है, इसलिए चुनाव प्रक्रिया उससे पहले पूरी हो जानी चाहिए। चुनाव आयोग बिहार चुनाव की तैयारियों में जोर-शोर से जुटा है।

Hindi News / National News / पीएम मोदी देंगे बड़ी सौगात, दिल्ली की सियासत के लिए कितना जरूरी है बिहार

ट्रेंडिंग वीडियो