तेजी से बढ़ने लगा जलस्तर
शुक्रवार रात 10 बजे जलस्तर 65.98 मीटर था, जो शनिवार सुबह 8 बजे तक 66.07 मीटर हो गया। इसके बाद जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा और रात 10 बजे तक 14 घंटे में 25 सेंटीमीटर और बढ़ गया। गंगा का पानी बढ़ने से घाटों की ज्यादातर सीढ़ियां डूब चुकी हैं, जिससे शवदाह कार्य में दिक्कत हो रही है। गंगा आरती अब घाटों की बजाय छतों पर की जा रही है। प्रयागराज से लेकर बलिया तक गंगा के जलस्तर में बढ़ोतरी जारी है।आने वाले सप्ताह में अच्छी बारिश होने की उम्मीद
दक्षिण भारत से चल रही द्रोणिका अब पूर्वी उत्तर प्रदेश में असर दिखा रही है। इसके चलते वाराणसी और आसपास के जिलों में सावनी घटाएं छा गई हैं। शुक्रवार के मुकाबले शनिवार को शहर में बारिश थोड़ी कम रही, लेकिन ग्रामीण इलाकों में अच्छी बारिश हुई। मौसम विभाग का कहना है कि सोमवार से यह द्रोणिका और उत्तर की ओर बढ़ सकती है और बनारस के ऊपर सक्रिय हो सकती है। इससे आने वाले सप्ताह में अच्छी बारिश होने की उम्मीद है।