योग भारत की वैश्विक देन: नक़वी
मुख़्तार अब्बास नक़वी ने कहा कि योग न किसी मजहब की दीवारों में बंधा है और न ही किसी एक देश की सीमाओं में। यह भारत की हजारों साल पुरानी सांस्कृतिक विरासत है, जिसे अब पूरी दुनिया ने अपनाया है। उन्होंने कहा कि योग सम्पूर्ण मानवता के लिए भारत का उपहार है और यह आज के दौर में तन, मन और आत्मा की तंदुरुस्ती का सबसे सशक्त माध्यम बन चुका है। उन्होंने आगे कहा, “दुनिया आज योग दिवस को तंदुरुस्ती के त्योहार की तरह मना रही है। योग न केवल स्वास्थ्य का जरिया है, बल्कि समाज में सहिष्णुता, एकता और समरसता का संदेश भी देता है। यह सभी धर्मों और जातियों को एक सूत्र में पिरोता है।”
रोशन बाग पार्क में करेंगे योगाभ्यास
नक़वी ने जानकारी दी कि वे कल सुबह 5:30 बजे सिविल लाइंस के रोशन बाग स्थित पार्क में चेतना योग संस्थान द्वारा आयोजित योगाभ्यास कार्यक्रम में भाग लेंगे। इस कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष हरीश गंगवार, जिला पंचायत अध्यक्ष ख्यालीराम लोधी समेत कई पार्टी पदाधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहेंगे। यह कार्यक्रम जिले में योग के प्रति जागरूकता फैलाने और आम लोगों को स्वास्थ्य के प्रति सजग बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।