कलाई पर किए कई घाव, पानी में खींच रहा था मगरमच्छ
बासौनी थाना क्षेत्र के बिचोला गांव निवासी राघवेंद्र सिंह अपने दोस्तों के साथ चंबल नदी के कैंजरा घाट पर नहाने गया था। नहाते समय अचानक एक मगरमच्छ ने उस पर हमला कर दिया और उसे गहरे पानी में खींचने लगा। मगरमच्छ ने राघवेंद्र की कलाई पर कई जगह काट लिया, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया।
दोस्तों ने दिखाई बहादुरी, घूंसे मारकर भगाया मगरमच्छ
राघवेंद्र के शोर मचाने पर उसके दोस्त तुरंत हरकत में आ गए। डर के बजाय उन्होंने साहस दिखाया और मगरमच्छ पर घूंसे बरसाने शुरू कर दिए। हमले से मगरमच्छ ने अपनी पकड़ ढीली कर दी और राघवेंद्र को छोड़कर पानी में गायब हो गया। इसके बाद घायल राघवेंद्र को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
मध्य प्रदेश के छोर पर हुआ हादसा, रेंजर ने दी जानकारी
बाह के रेंजर उदय प्रताप सिंह ने बताया कि मगरमच्छ के हमले की यह घटना चंबल नदी के मध्य प्रदेश सीमा क्षेत्र में हुई है। उन्होंने बताया कि यदि मगरमच्छ को कोई खतरा महसूस होता है, तो वह रक्षात्मक रवैया अपनाते हुए हमला कर सकता है।