देवली पुलिस के अनुसार हादसा छातड़ी में टीलों पर रहने वाले परिवार के साथ हुआ। यहां कच्ची झोपड़ी के पास मवेशी बंधे हुए थे, वहीं झोपड़ी में एक वर्षीय मासूम ममता पुत्री राजेश भील भी थी। अचानक आग लगने से झोपड़ी भभक गई। वहीं ममता इसमें बुरी तरह झुलस गई। उसे देवली चिकित्सालय ले जाने पर डॉ. नंदकिशोर, सुधा मंगल ने जांच के बाद उसे टोंक रेफर कर दिया, जहां उसकी बीच रास्ते में मौत हो गई।
हादसे में राजेश की पत्नी पूजा व पिता पांचू भील भी झुलस गए। सूचना मिलने पर देवली नगर पालिका से कर्मचारी नीरज चौधरी आदि दमकल समेत मौके पर पहुंचे। पुलिस के अनुसार यहां 8 बकरी, 3 भैंस, 1 गाय, 2 मुर्गी एक बाइक एवं घर पर घरेलू सामान कपड़े, बर्तन, बिस्तर, अनाज आदि जलकर राख हो गए। सूचना मिलने पर देवली तहसीलदार वीरेंद्र सिंह शक्तावत, पटवारी पंकज जैन आदि मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी लेकर नुकसान का आकलन किया।