scriptब्राह्मण-यादव विवाद में कूदे बाबा रामदेव, उल्टे काम पर इनको लिया आड़े हाथ | Baba Ramdev Rajasthan Visit big statement on Brahmin-Yadav dispute in Etawah UP | Patrika News
अलवर

ब्राह्मण-यादव विवाद में कूदे बाबा रामदेव, उल्टे काम पर इनको लिया आड़े हाथ

राजस्थान के खैरथल दौरे के दौरान बाबा रामदेव ने इटावा विवाद पर बड़ी बात कही है। उन्होंने यादव समाज के व्यक्ति के द्वारा कथा कहे जाने का समर्थन किया है। साथ ही सनातन को लेकर भी बड़ी बात कही है।

अलवरJun 30, 2025 / 02:35 pm

Kamal Mishra

Baba ramDev

बाबा रामदेव (फोटो-पत्रिका)

खैरथल। कोटकासिम क्षेत्र के लाडपुर गांव में बाबा सोमनाथ आश्रम में रविवार को बाबा सोमनाथ महाराज की 25वीं पुण्यतिथि मनाई गई। इस कार्याकर्म में योग गुरु बाबा रामदेव भी सिरकत करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने इटावा में चल रहे ब्राह्मण-यादव विवाद पर भी अपना पक्ष रखते नजर आए। कार्यक्रम के दौरान बाबा रामदेव ने सनातन धर्म को एक बताने वाले लोगों पर निशाना साधा है।
कार्यक्रम में 108 कुंडीय रुद्र गुरु गोरखनाथ महायज्ञ किया गया, जिसमें 108 विवाहित जोड़ों ने एकसाथ आहुति दी। महायज्ञ में करीब 1100 श्रद्धालु शामिल हुए। कार्यक्रम में योग गुरु बाबा रामदेव व तिजारा विधायक महंत बाबा बालकनाथ भी शामिल हुए और यज्ञ में पूर्णाहुति दी।
बाबा रामदेव को सुबह 12 बजे हेलीकॉप्टर से लाडपुर पहुंचना था, लेकिन बारिश के कारण वे शाम चार बजे यहां पहुंचे। इटावा में यादव समाज के एक व्यक्ति द्वारा भागवत महापुराण की कथा कहने पर उसकी चोटी काटने की घटना का बाबा रामदेव ने जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म को एक बताने वाले लोग उल्टे कार्य कर रहे हैं। यदि यदुवंशी ही भगवान कृष्ण की कथा नहीं करेंगे तो कौन करेगा। उन्होंने सनातन धर्म की रक्षा और एकता पर जोर दिया।

चोटी काटने के बाद शुरू हुआ विवाद

बता दें कि उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के ददरपुर गांव में कथावाचक मुकेश मणि यादव पर कथित रूप से ब्राह्मण न होने के कारण मारपीट और बाल काटने की घटना ने जातीय तनाव को जन्म दिया। यादव समुदाय ने इसे अपमान मानते हुए प्रदर्शन किए, जिसमें पथराव और सड़क जाम जैसी घटनाएं हुईं।

कथा वाचक पर लगे आरोप

पुलिस ने मामले में 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। इस विवाद ने राजनीतिक रंग भी ले लिया है, जहां समाजवादी पार्टी ने भाजपा पर जातीय भेदभाव का आरोप लगाया। घटना ने सामाजिक सहिष्णुता और राजनीतिक रणनीति दोनों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले में जांच जारी है। कथावाचक के ऊपर फर्जी आधार कार्ड और जाति छुपाने का भी आरोप लगा है।

कौन हैं बाबा खेतानाथ

महंत बाबा दीपक नाथ ने बताया कि 10 बीघा में फैला यह आश्रम अवधूत योगी बाबा खेतानाथ महाराज की तपोभूमि है, जिनकी स्मृति में एक पावन छतरी बनाई गई है। बाबा सोमनाथ का जन्म हरियाणा के चरखी दादरी में हुआ था। उन्होंने युवावस्था में संन्यास लिया और 1959 में लाडपुर पहुंचकर 12 वर्ष तक एक पैर पर खड़े रहकर तपस्या की।

बाबा खेतानाथ साल 1998 में हुए थे ब्रह्मलीन

बाबा खेतानाथ से दीक्षा लेकर वे बाबा सोमनाथ कहलाए। 22 दिसंबर 1998 को वे ब्रह्मलीन हुए। 30 जून 2001 को तत्कालीन सांसद महंत चांदनाथ ने उनकी मूर्ति स्थापित की थी और बाबा दीपक नाथ को आश्रम का उत्तराधिकारी घोषित किया था।

Hindi News / Alwar / ब्राह्मण-यादव विवाद में कूदे बाबा रामदेव, उल्टे काम पर इनको लिया आड़े हाथ

ट्रेंडिंग वीडियो