घटना महाराजगंज थानाक्षेत्र के नरित्तमपुर गांव की है। युवक की मां शशिकला मिश्र की हालत गंभीर बनी हुई है वहीं छोटी बच्ची आर्या यादव की भी स्थिति गंभीर है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी शनि मिश्रा के घर से करीब 3 किमी की दूरी पर गुलाब जायसवाल की किराने की थोक की दुकान है, यहीं पर शनि मजदूरी करता था। यहीं रहता था। घर नहीं जाता था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, करीब 3 साल बाद गुरुवार रात शनि मिश्रा दुकान से छूटने पर घर पहुंचा। घर में मां-बेटे में किसी बात को लेकर बहस होने लगी। इसी बीच उसने दौड़ा-दौड़ा कर मां पर हंसिया से वार किया। लोग कुछ समझ पाते इससे पहले वह यहां से भाग गया।
थोड़ी देर बाद पता चला कि शनि ने गुलाम जायसवाल की दुकान पर आई एक बच्ची पर भी वार कर दिया है। भागकर यहां से लोग गुलाम जायसवाल की दुकान पहुंचे। यहां पता चला कि 10 साल की आर्या यादव को शनि ने वार कर लहुलुहान कर दिया है। लोगों ने हमलावर को दौड़ा लिया। इसी बीच महाराजगंज से कप्तानगंज रोड पर एक वाहन से टकरा गया और शनि तड़पने लगा। तड़प-तड़पकर उसने थोड़ी ही देर में दम तोड़ दिया। वारदात की सूचना पर महाराजगंज थाना प्रभारी विनय कुमार मिश्र पहुंचे। घायल आर्या यादव को हॉस्पिटल पहुंचाया।
मोहल्ले के लोगों ने बताया- शनि घर नहीं आता था। दुकान पर मजदूरी करता और वहीं खाता-पीता था। शनि की मानसिक हालत भी ठीक नहीं थी। शनि के पिता खेती करते हैं। उसकी एक छोटी बहन और एक छोटा भाई है, जो पढ़ाई करते हैं। घटना के वक्त घर पर भाई-बहन भी थे।