scriptमुरथल के मशहूर ढाबे पर जन्मदिन मनाने गए थे 4 दोस्त, हादसे में 3 की गई जान, चौथा अस्पताल में लड़ रहा जंग | Patrika News
बागपत

मुरथल के मशहूर ढाबे पर जन्मदिन मनाने गए थे 4 दोस्त, हादसे में 3 की गई जान, चौथा अस्पताल में लड़ रहा जंग

बागपत से मुरथल बर्थडे मनाने गए 4 दोस्तों की कार बेकाबू होकर ट्रक से टकरा गई। टक्कर के बाद कार में आग लग गई। हादसे में तीन दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई।

बागपतJul 04, 2025 / 05:51 pm

Avaneesh Kumar Mishra

AI Generated Symbolic Image.

हरियाणा के सोनीपत में बेकाबू होकर स्कार्पियो एक ट्रक से टकरा गई। टकराने के बाद स्कार्पियो में आग लग गई। स्कार्पियो में सवार 4 दोस्तों को निकलने तक का मौका नहीं मिला। हादसे में तीन दोस्तों की जान चली गई। वहीं एक युवक का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
चारों दोस्त उत्तर प्रदेश के बागपत जिले से मुरथल के मशहूर ढाबे पर जन्मदिन मनाने आए थे। खाना खाने के बाद लौटते समय उनकी गाड़ी बेकाबू होकर डिवाइडर तोड़ते हुए ट्रक के कैबिन से टकरा गई। हादसे की जानकारी पर बहालगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड की मदद से आग बुझाई। तीन युवकों के शव नागरिक अस्पताल भेजे गए हैं।
बागपत के बिनौली गांव का प्रिंस धामा 28वां जन्मदिन मनाने के लिए अपने दोस्त विशाल, आदित्य और सचिन के साथ स्कॉर्पियो में मुरथल के ढाबे पर आया था। खाना खाने के बाद चारों दोस्त लौट रहे थे। लौटते समय रात करीब 11:30 बजे सेक्टर-7 फ्लाईओवर के पास स्कॉर्पियो डिवाइडर तोड़ते हुए दिल्ली से पानीपत जा रहे ट्राले से भिड़ गई।
सचिन तोमर(25) गांव सिरसली का रहने वाला था। बीएससी के बाद अपने भाई के साथ बड़ौत में हार्डवेयर एंड सैनिटरी शॉप चलाता था। वह अविवाहित था और उसके पिता लोकेन्द्र ड्राइवर हैं।

प्रिंस धामा बिनौली गांव का रहने वाला था। ग्रेजुएशन के बाद गांव में बिजली के सामान की दुकान चलाता था। चार साल पहले मेरठ के कल्याणपुर में शादी हुई थी। उसका ढाई साल का बेटा है।
25 वर्षीय आदित्य उर्फ शेखर बिनौली का ही रहने वाला था और मेरठ से टीचिंग कोर्स कर रहा था। अविवाहित था। उसका बड़ा भाई अंकुर यूपी पुलिस में है। प्रिंस और आदित्य रिश्ते में चाचा-ताऊ के बेटे थे।
विशाल की हालत गंभीर, अस्पताल में भर्ती : विशाल बिनौली गांव का ही रहने वाला है और गांव में मोबाइल व पैसे ट्रांसफर की शॉप चलाता है। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हुआ है। फिलहाल उसका इलाज चल रहा है।

Hindi News / Bagpat / मुरथल के मशहूर ढाबे पर जन्मदिन मनाने गए थे 4 दोस्त, हादसे में 3 की गई जान, चौथा अस्पताल में लड़ रहा जंग

ट्रेंडिंग वीडियो