भाजपा विधायक बसनगौड़ा पाटिल यतनाल ने दावा किया कि उनके पास दो मंत्रियों की संलिप्तता के बारे में सारी जानकारी है। यतनाल ने रविवार को कहा कि जो भी रन्या राव से जुड़ा है और जिसने भी उसे सुरक्षा प्रदान की है, मैं सदन में सब कुछ उजागर करूंगा। उन्होंने मीडिया को संबोधित करते हुए रन्या राव पर आपत्तिजनक टिप्पणी भी की। विधायक ने कहा कि रन्या राव ने पूरे शरीर पर सोना लपेट रखा था। जहां भी छेद था, वहां उसे छिपाया और तस्करी करके लाई।
सरकार को स्पष्टीकरण देना चाहिए
सोमवार को बेंगलूरु के विधान सौधा में मीडिया से बात करते हुए विपक्ष के नेता आर अशोक ने कहा कि दो मंत्रियों के शामिल होने की बातें जोर पकड़ रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को अब तक स्पष्टीकरण जारी कर देना चाहिए था। जिस तरह से इस मामले को संभाला जा रहा है, उससे यह स्पष्ट है कि कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकार इसमें शामिल है। उन्होंने कहा कि मैं विधायक यतनाल से उनके पास मौजूद जानकारी के बारे में बात करूंगा। मुझे अभी विस्तृत जानकारी नहीं है।
एमबी पाटिल ने दी चुनौती
उद्योग मंत्री एमबी पाटिल ने आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए चुनौती दी, यदि विधायक यतनाल या भाजपा नेताओं में हिम्मत है, तो वे उन मंत्रियों के नाम बताएं, जिनके बारे में उनका दावा है। हवा में बेबुनियाद आरोप लगाना बंद करो। उन्हें आज विधानसभा में नामों को उजागर करना चाहिए।