भरतपुर। पूर्व केन्द्रीय मंत्री कैलाश चौधरी ने शुक्रवार को भाजपा कार्यालय पर प्रेस वार्ता के दौरान आरोप लगाया कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने वक्फ की संपत्ति पर कब्जा कर रखा है। पूर्व केन्द्रीय मंत्री चौधरी और पूर्व सांसद जसकौर मीणा ने वक्फ बिल को कहा कि यह बिल मुस्लिम महिलाओं और बच्चों के लिए समृद्धि साबित होगा। चौधरी ने आरोप लगाया कि वक्फ की संपत्ति पर कुछ अल्पसंख्यक के नेताओं और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष खडग़े ने कब्जा कर रखा है, जिसे मुक्त कराया जाएगा।
चौधरी ने कहा कि वक्फ संशोधन बिल देश के हित में कानून है। यह कानून गरीबों के कल्याण के लिए है। विपक्ष और समाज के ठेकेदार देश का कानून खराब करना चाहते हैं। इस कानून के फायदे बताने के लिए पूरे देश में जन जागरण अभियान शुरू किया है। उन्होंने कहा कि 2013 में जो वक्फ कानून बना था, उस समय जो अधिकार दिए गए थे, उन अधिकारों की वजह से संपत्ति दोगुना से भी अधिक हो गई, जो जमीन उस समय 4 लाख हैक्टेयर थी, वह बढकऱ 8 लाख हैक्टेयर से भी अधिक हो गई, लेकिन उस समय इनकम 163 करोड़ थी, आज भी उस संपत्ति की इनकम महज 166 करोड़ है।
संपत्ति दोगुने से अधिक हो गई, लेकिन इनकम उतनी ही रही। वास्तव में इसकी इनकम 12 हजार करोड़ से अधिक होनी चाहिए थी। यदि 12 हजार करोड़ रुपए मुस्लिम समाज के लोगों के लिए लगाया जाता तो उनके जीवन में बदलाव आता, लेकिन इन पर ठेकेदार अपना आधिपत्य जमाकर बैठे थे।
वक्फ की संपत्ति पर कब्जा कांग्रेस के कई पूर्व केन्द्रीय मंत्रियों ने कर रखे हैं, वह भी अल्पसंख्यक समुदाय से आते हैं। कई राज्यों के विधायक और सांसद भी हैं, जिन्होंने वक्फ की संपत्ति पर कब्जे किए हुए हैं। आरोप लगाया कि कांग्रेस ने स्वाथवश जमीन का उपयोग किया है। अब लुटेरों से संपत्ति वापस ली जाएगी। यह संपत्ति गरीब लोगों पर खर्च होगी। आगे उन संपत्तियों पर स्कूल और हॉस्पिटल बनेंगे।
पूर्व सांसद जसकौर मीणा ने कहा कि इस बिल के अंतर्गत मुस्लिम महिलाओं को उत्तराधिकारी का अधिकार दिया है। महिलाओं की समृद्धि के लिए बिल में बहुत कुछ है। यह बिल मुस्लिम महिलाओं और बच्चों के लिए जो अधिकार देगा वह उनकी समृद्धि का बहुत बड़ा कारण बनेगा। चुनाव लडऩे के सवाल पर जसप्रीत मीणा ने कहा कि चुनाव लड़ाने का फैसला पार्टी करती है हम नहीं करते। उन्होंने दावा किया किरोड़ीलाल मीणा हमारे नेता हैं और वह हमारे साथ हैं।