एएसपी पद्मश्री तंवर ने बताया कि जुनवानी सीएचपीएल शिखर अपार्टमेंट निवासी पल्लवी जायसवाल (46 वर्ष) की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच में लिया गया है। एसएसपी विजय अग्रवाल के निर्देश पर सुपेला टीआई विजय यादव ने आरोपी हरियाणा रोहतक निवासी कुलदीप आत्मज जगजीवन को हिरासत में लिया।
आरोपी फिलहाल नेहरू नगर स्थित मंदिर के पीछे रह रहा था। उससे पूछताछ की। उसने तंत्र मंत्र का डर दिखाकर युवती से ठगी करना स्वीकार किया। आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके ठिकाने पर जब दबिश दी तो घर से तंत्र विद्या की सामग्री, जड़ी बूटी, प्रचार प्रसार सामग्री एक्यूप्रेशर मशीन, दो मोबाइल और एक कार मिला, जिसे जब्त किया गया।
YouTube tantric fraud: डराया-धमकाया
टीआई विजय यादव को पल्लवी जायसवाल ने बताया कि वर्ष 2022 में वह नेहरू नगर स्थित कालीबाड़ी मंदिर में पूजा करने जाती थी। इस बीच मंदिर के पुजारी परिचय मिश्रा से पहचान हुई। पहचान होने पर उनसे अपनी परेशानी को लेकर चर्चा की। परिचय मिश्रा ने कहा कि कुलदीप महाराज सिद्ध गुरु हैं।
कुंडली देखकर सभी समस्या का निवारण कर देते हैं। उसने कुलदीप महाराज से ग्रह और कुंडली दोष के निवारण के लिए महापूजन कराने की सलाह दी। फिर परिचय मिश्रा ने पल्लवी की मुलाकात कुलदीप महाराज से कराई।
कुलदीप महाराज ने उसके जीवन को संकट में बताया और डराया कि बहुत बड़ा अनिष्ट हो जाएगा। ग्रह शांति की पूजा के लिए 18 जनवरी 2023 को पल्लवी ने उसके अकाउंट में 17 हजार रुपए डाला। इसके बाद उसे तरह-तरह के ग्रहों का डर दिखाकर किस्तों में रकम ऐंठने लगा। 18 जनवरी 2023 से अप्रैल 2025 तक 36 लाख 66 हजार रुपए उसके बैंक खातों में ट्रांसफर कर चुकी है, लेकिन उसके जीवन में शांति नहीं आई। उसकी परेशानी दूर नहीं हुई।
बैंक से लोन लेकर दिया रकम
टीआई ने बताया कि पल्लवी ने बैंक से लोन लेकर कथित सिद्ध गुरु को पैसे दिया। आरोपी कुलदीप महाराज उनका मकान भी अपने नाम पंजीकृत कराने की बात करने लगा। उसे जान का खतरा बताकर धमकाने लगा। पीड़िता के अपार्टमेंट में जाकर उसका दरवाजा भी खटखटा चुका है। टीआई ने बताया कि कुलदीप महाराज सोशल मीडिया पर पंडितों का प्रवचन देखकर योगाचार्य बन बैठा। अपने को सिद्ध गुरु बताने लगा। न्यूज पेपर में विज्ञापन देकर अपना प्रचार प्रसार करने लगा। अंदेशा है कि इसकी झांसे में और भी लोग होंगे। उसकी जांच की जा रही है।