2023 वनडे विश्व कप के फाइनल को छोड़कर भारतीय टीम ने खेल के हर क्षेत्र में अपनी धाक जमाई है। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी की जोड़ी ने प्रतिद्वंद्वी बल्लेबाजों को खूब छकाया है। वहीं रोहित शर्मा, विराट कोहली भी इन टूर्नामेंटों में अपनी छाप छोड़ने में सफल रहे हैं। पिछली दो टेस्ट सीरीज में अपने खराब प्रदर्शन के लिए आलोचना झेलने वाले विराट ने चैंपियंस ट्रॉफी में एक बार फिर अपनी मास्टर क्लास दिखाई है। उम्मीद है कि टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ ग्रुप-ए के अंतिम मैच में भी जीत के इस सिलसिले को कायम रखेगी।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के समर्थन से अफगानिस्तान की पुरुष क्रिकेट टीम इस मुकाम तक पहुंची है। बीसीसीआइ ने उसके खिलाडि़यों को खेलने के लिए उच्च स्तरीय सुविधाएं और मैदान उपलब्ध कराए। उसीका नतीजा है कि आज अफगानिस्तान टीम हर बड़ी टीम के लिए सिरदर्द बन गई है। पिछले तीन आइसीसी टूर्नामेंटों में अफगानिस्तान ने पाकिस्तान और श्रीलंका जैसी पूर्व विश्व चैंपियन टीमों से भी ज्यादा मैच जीते हैं।
पाकिस्तान क्रिकेट के लिए यह सबसे बुरा दौर माना जा रहा है। टीम की बल्लेबाजी और गेंदबाजी में वह धार नहीं दिख रही है जो 90 के दशक में दिखती थी। वनडे और टी-20 विश्व कप के बाद अब चैंपियंस ट्रॉफी में भी टीम अगले दौर में जगह नहीं बना सकी है।
टीम | मैच | जीत | हार | टाई |
भारत | 22 | 20 | 01 | 01 |
अफगानिस्तान | 19 | 10 | 09 | 00 |
पाकिस्तान | 16 | 06 | 09 | 01 |
बांग्लादेश | 18 | 05 | 13 | 00 |
श्रीलंका | 13 | 03 | 10 | 00 |
एशिया की दो अन्य बड़ी टीमें बांग्लादेश और श्रीलंका की क्रिकेट टीमें बदलाव के दौर से गुजर रही हैं। बांग्लादेश ने हालांकि इस दौरान कुछ अच्छे मैच जीते हैं। लेकिन श्रीलंका पिछले दो सालों में अपने प्रदर्शन के कारण शीर्ष आठ में जगह बनाने से चूक गई और चैंपियंस ट्रॉफी के लिए क्वालीफाई नहीं कर सकी।