मुंबई इंडियंस का क्वालीफिकेशन समीकरण
5 बार की आईपीएल चैंपियन मुंबई इंडियंस ने सीजन के दूसरे हाफ में लय पकड़ी और लगातार मैचों में जीत हासिल कर टॉप 4 में बनी हुई है। शुरुआत में इस टीम को प्लेऑफ से बाहर माना जा रहा था लेकिन लगातार 6 मैच जीतकर ये टीम प्लेऑफ की दावेदारों में शामिल हो गई। अब एमआई को दिल्ली और पंजाब किंग्स के साथ मुकाबला करना है। अगर उन्हें प्लेऑफ में जगह बनानी है तो दोनों मैच जीतने होंगे।
दिल्ली कैपिटल्स का क्वालीफिकेशन समीकरण
इस सीजन लगातार 4 मैच जीतकर अपना दमदार प्रदर्शन दिखाने वाली दिल्ली कैपिटल्स दूसरे हाफ में लड़खड़ा गई। टीम को पिछले 6 मैचों में से सिर्फ 1 में जीत मिली है। दिल्ली एक समय सबसे आगे और टॉप पर थी लेकिन खराब प्रदर्शन की वजह से वह अब प्लेऑफ में जगह बनाने के लिए भी संघर्ष कर रहे हैं। दिल्ली को भी पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के साथ मुकाबला करना है। अगर मुंबई और दिल्ली में से जो भी टीम पंजाब को हराती है, उसके प्लेऑफ में पहुंचने की संभावना बढ़ जाएगी। हालांकि दोनों टीमों के बीच खेला जाने वाला मुकाबला किसी नॉकआउट मैच से कम नहीं होने वाला है।
लखनऊ का क्वालीफिकेशन समीकरण
अंक तालिका में 7वें स्थान पर मौजूद लखनऊ सुपरजायंट्स के प्लेऑफ में जगह बनाने की उम्मीदें अभी भी बची हुई हैं। पंजाब किंग्स अगर दिल्ली और मुंबई को हरा दे तो दोनों टीमों के मैक्सिमम अंक 16 हो पाएंगे। अगर दिल्ली पंजाब से हार जाए और मुंबई को हरा दे तो लखनऊ के अगले दौर में पहुंचने की संभावना ज्यादा बढ़ जाएगी। हालांकि उसके लिए लखनऊ सुपर जायंट्स को बचे हुए अपने तीनों मैच जीतने होंगे। और अगर मुंबई इंडियंस भी 2 में से एक मैच जीत लेती है तो लखनऊ को अपना नेट रनरेट भी बेहतर करना होगा।