ओपनर प्रियांश आर्य ने 10 गेंद पर 20 और जोश इंग्लिस ने 21 गेंद पर 38 रन की पारी खेली। प्रभसिमरन सिंह 6 और शशांक सिंह 2 रन बनाकर आउट हुए। स्टॉयनिस 2 रन पर नाबाद रहे। मुंबई की तरफ से अश्विनी कुमार ने 2, ट्रेंट बोल्ट और हार्दिक पांड्या ने एक-एक विकेट लिए। जसप्रीत बुमराह के चार ओवर में 40 रन बने और उन्हें कोई विकेट नहीं मिला। आईपीएल के इतिहास में यह पहला मौका है जब मुंबई इंडियंस 200 या उससे अधिक रन बनाकर हारी है।
श्रेयस अय्यर आईपीएल इतिहास के पहले कप्तान बन गए हैं जिनकी कप्तानी में तीन टीमें फाइनल में पहुंची हैं। पंजाब किंग्स से पहले श्रेयस अय्यर ने दिल्ली कैपिटल्स को 2020 में अपनी कप्तानी में फाइनल में पहुंचाया था। वहीं, 2024 में उनकी कप्तानी में कोलकाता नाइट राइडर्स चैंपियन बनी थी। पंजाब किंग्स ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी थी। पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस ने छह विकेट पर 203 रन बनाए थे। मुंबई के लिए तिलक वर्मा ने 29 गेंद पर 44, सूर्यकुमार यादव ने 29 गेंद पर 44, जॉनी बेयरेस्टो ने 24 गेंद पर 38 और नमन धीर ने 18 गेंद पर 37 रन की पारी खेली थी।
3 जून को खेला जाएगा फाइनल
पंजाब के लिए अजमतुल्लाह ओमरजाई ने दो, और काइल जैमिसन, मार्क्स स्टॉयनिस, वैशाख विजय कुमार और युजवेंद्र ने एक-एक विकेट लिए थे। आईपीएल 2025 के फाइनल में 3 जून को इसी मैदान पर पंजाब किंग्स का मुकाबला आरसीबी से होगा। दोनों ही टीमें अपना पहला आईपीएल खिताब जीतने उतरेंगी। आरसीबी चौथी बार और पंजाब किंग्स दूसरी बार फाइनल में पहुंची है। इस बार आईपीएल में नया चैंपियन मिलना तय हो गया है।