दिग्गजों की टॉप-5 लिस्ट में शामिल हुए साई सुदर्शन
आईपीएल 2025 में साई सुदर्शन ने लगातार शानदार बल्लेबाजी करते हुए इतिहास रच दिया है। इसके साथ वह किसी एक आईपीएल सीजन सर्वाधिक रन बनाने वाले दिग्गजों की सूची में पांचवें स्थान पर आ गए हैं। सुदर्शन ने आईपीएल 2025 के 15 मुकाबलों में 54.21 की औसत के साथ 759 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 1 शतक और 6 अर्धशतक आए हैं।
टॉप पर विराट कोहली
आईपीएल के किसी एक सीजन में सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम दर्ज है, जिन्होंने साल 2016 में कुल 16 मैच खेलते हुए 973 रन अपने नाम किए थे। उस सीजन कोहली ने 4 शतक और 7 अर्धशतक लगाए थे। इस लिस्ट में शुभमन गिल दूसरे पायदान पर हैं, जिन्होंने साल 2023 में 890 रन जुटाए थे। जबकि जोस बटलर साल 2022 में 863 रन के साथ तीसरे स्थान पर हैं। डेविड वॉर्नर 848 रन के साथ चौथे पायदान पर हैं। एलिमिनेटर मैच का हाल
एलिमिनेटर मैच की बात करें तो इसमें मुंबई इंडियंस ने 5 विकेट खोकर 228 रन बनाए। इस दौरान रोहित शर्मा ने 81 रन की पारी खेली, जबकि जॉनी बेयरस्टो ने 47 रन का योगदान दिया। विपक्षी टीम की ओर से प्रसिद्ध कृष्णा और साईं किशोर को 2-2 सफलता हाथ लगी। इसके जवाब में गुजरात की टीम 20 ओवरों में 208/6 बना सकी। साईं सुदर्शन ने 80 रन तो वॉशिंगटन सुंदर ने 48 रन बनाए। मुंबई के लिए ट्रेंट बोल्ट ने सर्वाधिक 2 विकेट अपने नाम किए।