भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 12 से 17 जून के दौरान उत्तर भारत के कुछ राज्यों में मौसम परिवर्तन की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार 12 से 17 जून मध्यम बारिश के साथ-साथ कई स्थानों पर आंधी-बिजली और 40 से 45 किमी. रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। यूपी में 13 से 17 जून तक बारिश के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार यूपी में 12 से 17 तक अलग-अलग स्थानों पर बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। बताया जा रहा है कई स्थानों पर तेज हवाओं के साथ हल्की या मध्यम बारिश की चेतावनी मौसम विभाग ने जारी की है।
झांसी में दर्ज किया गया सबसे अधिक तापमान
पिछले 24 घंटों के दौरान उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रहा, हालांकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर लू और गर्म रातें दर्ज की गईं। मंगलवार को दिन के तापमान में राज्य के सभी मंडलों में कोई खास बदलाव नहीं आया, जिसमें -2.0°C से +2.0°C तक का उतार-चढ़ाव रहा। प्रयागराज, कानपुर, लखनऊ और बरेली मंडलों में दिन का तापमान सामान्य से काफी अधिक रहा (सामान्य से +3.1°C से +5.0°C अधिक), जबकि शेष मंडलों में यह सामान्य से अधिक (+1.6°C से +3.0°C अधिक) दर्ज किया गया। मंगलवार को राज्य में सबसे अधिक तापमान 46°C झांसी में दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.4°C अधिक था।
मेरठ में रहा सबसे कम तापमान
पिछले 24 घंटों में रात के तापमान में भी राज्य के सभी मंडलों में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ। मुरादाबाद मंडल में रात का तापमान सामान्य से उल्लेखनीय रूप से अधिक रहा (सामान्य से +5.0°C से अधिक), जबकि गोरखपुर, प्रयागराज, कानपुर, बरेली और मेरठ मंडलों में यह सामान्य से काफी अधिक (+3.1°C से +5.0°C अधिक) दर्ज किया गया। वाराणसी, अयोध्या, लखनऊ और झांसी मंडलों में तापमान सामान्य से अधिक (+1.6°C से +3.0°C अधिक) रहा, वहीं शेष मंडलों में यह सामान्य (-1.5°C से +1.5°C तक) रहा. राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान 26.6°C मेरठ में दर्ज किया गया।
आज से कहीं कहीं बारिश के आसार
आगामी दिनों के पूर्वानुमान की बात करें तो, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 11 और 12 जून को कहीं-कहीं वर्षा/गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। वहीं, 11 जून को कुछ स्थानों पर और 12 जून को कहीं-कहीं लू और गर्म रातें रहने की चेतावनी जारी की गई है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी 11 और 12 जून को कहीं-कहीं वर्षा/गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं, जबकि 11 जून को दक्षिणी क्षेत्र में कहीं-कहीं लू चलने की संभावना है। 11 और 12 जून को दोनों संभागों में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ वज्रपात/झोंकेदार हवा (गति 30-40 किमी/घंटा) चलने की संभावना है। तेज हवाएं चलने का अनुमान
13 और 14 जून को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं वर्षा/गरज-चमक के साथ बौछारें और लू चलने की संभावना है। इस दौरान मेघगर्जन के साथ वज्रपात/झोंकेदार हवा की गति 13 जून को 30-40 किमी/घंटा और 14 जून को 40-50 किमी/घंटा रह सकती है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी 13 और 14 जून को वर्षा/गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है, साथ ही मेघगर्जन के साथ वज्रपात/झोंकेदार हवा की गति 13 जून को 30-40 किमी/घंटा (अधिकतम 50 किमी/घंटा तक) और 14 जून को 40-50 किमी/घंटा रह सकती है। लखनऊ और आसपास के इलाकों के लिए 12 जून 2025 को सुबह 08:30 बजे तक आसमान साफ रहने की संभावना है, जिसमें अधिकतम तापमान 42°C और न्यूनतम तापमान 31°C के आसपास रहेगा।