तिरंगा रैली… तिरंगे से पसीना पोंछते नजर आए भाजपा विधायक बालमुकुंदाचार्य, वीडियो वायरल
ऑपरेशन सिंदूर की सफलता और सेना के शौर्य सम्मान में राजस्थान भाजपा की ओर से निकाली गई तिरंगा यात्रा, अल्बर्ट हॉल से शुरू हुई यात्रा बड़ी चौपड़ पर संपन्न
जयपुर। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की कामयाबी के बाद सेना के सम्मान में प्रदेश भाजपा ने गुरुवार को शहर में तिरंगा यात्रा निकाली। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अल्बर्ट हाल यात्रा को रवाना किया। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदनलाल राठौड़ के नेतृत्व में यात्रा आगे बढ़ी, जो बड़ी चौपड़ पहुंचकर सम्पन्न हुई। इस दौरान हर वर्ग-समुदाय और हर उम्र के लोग हाथ में तिरंगा लहराते हुए देशप्रेम की भावना से ओतप्रोत नजर आए। ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाते रहे। देशप्रेम से जुड़े गानों पर लोग नाचते-गाते चलते रहे। आमजन से लेकर व्यापारियों ने स्वागत में पुष्प वर्षा की। जौहरी बाजार में जामा मस्जिद के बाहर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने पलक पावडे़ बिछाए। यात्रा में कई मंत्री, विधायक, सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए।
यात्रा के दौरान आतंकवाद के खिलाफ आक्रोश भी देखने को मिला। ‘पाकिस्तान मुर्दाबाद’ के नारों के साथ लोग आतंक के खिलाफ एक स्वर में बोलते नजर आए। हर हाथ में तिरंगा और हर दिल में देशभक्ति का संकल्प था।
विधायक ने फिर किया विवाद
वहीं यात्रा में जयपुर के हवामहल से भाजपा विधायक बालमुकुंदाचार्य कथित तौर पर तिरंगे से अपना पसीना पोंछते नजर आए। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। लोगों के साथ कांग्रेस ने भी सरकार व भाजपा से विधायक के खिलाफ एक्शन लेने की मांग की। इससे पहले भी विधायक बालमुकुंदाचार्य कई तरह के विवादों में फंसते रहे है। हाल ही में उनके खिलाफ मस्जिद में घुसने और नारेबाजी करने के मामले में एफआइआर दर्ज की गई थी।
विधायक बोले- तिरंगा नहीं रेशमी रूमाल था
पत्रिका ने इस मामले में विधायक से बात की तो उन्होंने कहा कि- यह तिरंगा नहीं, बल्कि सफेद और हरे रंग का रेशमी रूमाल था, जो एक कार्यकर्ता ने उन्हें दिया था। कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं है, तिरंगा यात्रा ने इतिहास रच दिया, इसलिए वे इस तरह का वीडियो वायरल कर रहे हैं।
Hindi News / Jaipur / तिरंगा रैली… तिरंगे से पसीना पोंछते नजर आए भाजपा विधायक बालमुकुंदाचार्य, वीडियो वायरल