विधानसभा से सीधी लाइव रिपोर्ट
सदन की कार्यवाही शुरू होते ही प्रतिपक्ष के नेता टीकाराम जूली बोले कि सरकार के एक कैबिनेट मंत्री का फोनटैप हो रहा है। इसमें मुख्यमंत्री पर ही फोन टैपिंग का आरोप लगाया जा रहा है। मुख्यमंत्री को इस्तीफा देना चाहिए। इस पर विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि प्रश्नकाल को बाधित नहीं करें। इधर हंगामे के बीच सत्तापक्ष के सदस्यों ने कहा कि पहले प्रश्नकाल चलने दिया जाए। इसके बाद आप मुद्दा उठा लेना। प्रश्नकाल से ज्यादा गंभीर कुछ नहीं होता है। सदस्यों के अधिकार का हनन मत कीजिए। आप आरोप लगाओ, हम भी जवाब दे देंगे।
इस पर नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा क्या आप इसलिए फोन टैप करा रहे हो? हमारे समय में फोन टैप हुए। यह गंभीर विषय है। एक कैबिनेट मंत्री ने मुख्यमंत्री पर आरोप लगाया है। एक साल से आप लोगों ने कैबिनेट मंत्री को दूर कर रखा है। उसने बीमारी के कारण छुट्टी ली है। जबकि कैबिनेट मंत्री दबाव में हैं। हंगामे के बीच सत्तापक्ष सदस्यों ने कहा कि आपने पांच साल तक विधायकों के फोन टैप किए। सौ-सौ चूहे खाकर बिल्ली हज को जा रही है।