गड़ीसर घाट पर भक्तिमय हुआ वातावरण
जैसे ही मुख्यमंत्री शर्मा की गाड़ी सरोवर के मुख्य घाट पर पहुंची, वहां पहले से एकत्रित जनसमूह ने ‘हर-हर गंगे’ और ‘भारत माता की जय’ के नारों से उनका स्वागत किया। घाट को दीपों से सजाया गया था और तालाब के किनारे आरती की तैयारियां चल रही थीं।मुख्यमंत्री ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच सरोवर में जल कलश अर्पित किया। उन्होंने शांत चित्त होकर सरोवर की परिक्रमा की और फिर दीप प्रवाहित किए। आरती की घंटियों की गूंज, मंत्रों की स्वर लहरियां और जलती हुई दीपमालाओं की आभा ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।
मुख्यमंत्री ने उपस्थित जनों से संवाद करते हुए जल संरक्षण की परंपरा और गड़ीसर सरोवर के ऐतिहासिक महत्व पर विचार साझा किए। इसके पश्चात मुख्यमंत्री सर्किट हाउस पहुंचे, जहां उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों से मुलाकात की और रात्रि विश्राम किया।