पुलिस ने बताया कि हरियाणा से एक बारात सोमवार रात गांव पहुंची थी। सारे आयोजन शांति पूर्ण चल रहे थे। दूल्हा और दुल्हन स्टेज पर थे, लोग खाना खा रहे थे और कुछ उनके साथ फोटो खींचा रहे थे। कुछ देर के बाद ही फेरे होने थे, लेकिन इस बीच अचानक कुछ बिन बुलाए लोग वहां आ पहुंचे। वे शराब के नशे में थे। आते ही उन्होनें तोड़फोड़ शुरू कर दी और सीधे स्टेज पर पहुंच गए। दुल्हन और उसके दूल्हे पर अश्लील टिप्पणी की और दुल्हन को गलत तरह से छूने लगे और गंदी हरकतें की।
इस घटना के दौरान दुल्हन पक्ष के लोगों ने शराबियों को काबू करने का प्रयास किया तो उन्होनें मारपीट शुरू कर दी और साथ ही पथराव कर ड़ाला। अचानक हुए इस घटनाक्रम के बाद वहां भगदड़ मच गई। करीब दो सौ से भी ज्यादा मेहमान बिना खाना खाये चले गए। पुलिस को तुरंत सूचना दी गई। पुलिस पहुंचती इससे पहले आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने मौके पर काफी देर तक मोर्चा संभाला। पुलिस की मौजूदगी में ही फेरे हुए और दुल्हन विदा हुई। उसके बाद कल दोपहर में पुलिस थाने के बाहर बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। पुलिस को बताया गया कि पुरानी रंजिश के चलते गांव के ही कुछ युवकों ने माहौल खराब किया। थाने में नामजद केस दर्ज कराया गया है। अब आरोपी फरार हैं। उनके द्वारा की गई हरकतें उनके ही खिलाफ हो गई।