उत्तर प्रदेश के कानपुर के डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि आज 10.10 मिनट पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सीएमओ साहब खुद एब्सेंट पाए गए। सीएमओ कार्यालय में सीएमओ को मिलाकर कुल 101 कर्मचारी कार्य कर रहे हैं। जिनमें 34 कर्मचारी एब्सेंट है। 10 डॉक्टरों में से पांच डॉक्टर एब्सेंट मिले हैं। 43 नियमित कर्मचारियों में से 13 अनुपस्थित मिले। आठ आउटसोर्सिंग कर्मचारियों में से 7 अनुपस्थिति मिले। सबसे बड़ी बात टीम लीडर खुद एब्सेंट पाए गए।
टीम लीडर गायब मिले
जिलाधिकारी ने बताया कि शासन के सख्त निर्देश है कि सभी विभागाध्यक्ष 10 बजे से जनता की समस्याओं को सुनेंगे और सीएमओ विभागाध्यक्ष है। लेकिन जब सीएमओ गायब है तो फिर दूसरे को कैसे मोटिवेट करेंगे। जितने भी कर्मचारी आज एब्सेंट है। उन सभी का आज का वेतन रोका जा रहा है। बिना मेरे परमिशन के वेतन रिलीज नहीं किया जाएगा। सभी से जवाब-तलब भी किया जाएगा। भविष्य में भी इसी प्रकार के निरीक्षण किए जाएंगे। अगर यह स्थिति दोहराई जाती है तो सभी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।