गोहटी निकलने से हड़कंप
कटनी शहर के व्यस्ततम इलाके बस स्टैंड स्थित ऑडिटोरियम परिसर में गोहटी दिखाई देने से दहशत का माहौल बन गया। मौके पर मौजूद लोगों ने जब इसे देखा तो उनकी चीख निकल गई। सूचना मिलते ही मां लक्ष्मी गौ सेवा समिति के पर्यावरण जीव रक्षक सर्प मित्र सतीश सोनी मौके पर पहुंचे और सुरक्षित तरीके से जीव को बाहर निकाल कर जंगल में छोड़ा। सतीश सोनी ने बताया कि वह जीव गोह (गुहेरा) था, जिसे कुछ लोग गुहेटी भी कहते हैं। यह करीब 3 फीट लंबा था और लोहे की चादर के पीछे छिपा हुआ था। उन्होंने बताया कि यह जीव जहरीला नहीं होता, लेकिन इसके काटने से शरीर में बैक्टीरिया फैलने की आशंका होती है। यदि किसी को यह काटे, तो तत्काल सरकारी अस्पताल में जाकर एंटीबायोटिक इंजेक्शन लगवाना चाहिए।
सात दिन पहले बहन और अब भाई के लिए काल बना सांप बिस्तर में मरा मिला…
सुरक्षित पकड़कर जंगल में छोड़ा गया
सतीश सोनी ने जीव को पूरी सावधानी से पकड़ा और किसी भी तरह की क्षति पहुंचाए बिना उसे सुरक्षित स्थान पर जंगल में छोड़ दिया। उनकी इस त्वरित और सतर्क कार्यवाही से लोगों ने राहत की सांस ली। मां लक्ष्मी गौ सेवा समिति की ओर से नागरिकों से अपील की गई है कि यदि उनके आसपास कोई सांप, गोह, गुहेरा या अन्य जीव दिखाई दे तो उन्हें मारने की बजाय समिति को सूचना दें। समिति के सदस्य इन्हें सुरक्षित पकड़कर प्राकृतिक वातावरण में छोड़ते हैं।