आपसी विवाद में पति ने पत्नी पर पेट्रोल फेंक लगाया आग
जानकारी के मुताबिक जिले के फरेंदा थाना क्षेत्र के गनेशपुर निवासी सुमन व पति गोविंद के बीच आपसी विवाद इस कदर बढ़ा कि रविवार रात पति गोविंद नाराज होकर पत्नी पर पेट्रोल उड़ेल कर आग लगा दिया। इससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। महिला चिल्लाते हुए घर से बाहर आई तब जाकर आस पास के लोगों ने दौड़ कर आग बुझाई। लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से झुलस गई थी।
पुलिस और परिजन पहुंचाए अस्पताल, ऑपरेशन कर निकाला गया मृत बच्चा
सूचना पर पहुंची पुलिस और परिजन विवाहिता को इलाज के लिए तत्काल सीएचसी बनकटी ले गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस क्षेत्राधिकारी दीपशिखा वर्मा व थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार पाठक मौके पर पहुंच गए। पुलिस की पूछताछ में विवाहिता ने पति पर आरोप लगाया की उसने पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने की कोशिश की। महिला इस समय BRD मेडिकल कालेज गोरखपुर में भर्ती है। गर्भ में मृत बच्चे को भी डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर निकाल दिया।
परिजन बोले…दोनो करते थे एक दूसरे पर शक
परिजनों ने बताया कि पति पत्नी दोनों एक दूसरे पर शक करते थे। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर लड़ाई, झगड़ा होता रहता था। रविवार की रात भी यही कांड हुआ दोनो एक दूसरे पर दोषारोपण करते हुए आपे से बाहर हो गए। गुस्साए पति ने बाइक से पेट्रोल निकालकर पत्नी पर फेंक आग लगा दिया। जब तक महिला अपना बचाव करती तब तक आग पूरे शरीर को पकड़ चुकी थी। CO फरेंदा दीपशिखा वर्मा ने बताया कि आरोपी पति के विरूद्ध केस दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।