scriptPM Modi Mauritius Award: पीएम मोदी को मॉरीशस का सर्वोच्च नागरिक सम्मान, बने पहले भारतीय सम्मानित व्यक्ति | PM Modi Mauritius Award: PM Modi awarded Mauritius highest civilian honour | Patrika News
राष्ट्रीय

PM Modi Mauritius Award: पीएम मोदी को मॉरीशस का सर्वोच्च नागरिक सम्मान, बने पहले भारतीय सम्मानित व्यक्ति

PM Modi Mauritius Award: मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीन रामगुलाम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश के सर्वोच्च पुरस्कार ‘ग्रैंड कमांडर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द स्टार एंड की ऑफ द इंडियन ओशन’ दिए जाने की घोषणा की है।

भारतMar 12, 2025 / 08:01 am

Shaitan Prajapat

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

PM Modi Mauritius Award: मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीन रामगुलाम ने घोषणा की है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ग्रैंड कमांडर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द स्टार एंड की ऑफ द इंडियन ओशन’ से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान पाने वाले पीएम मोदी पहले भारतीय होंगे। यह किसी देश द्वारा उन्हें दिया गया 21वां अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार होगा।

भारतीय समुदाय के बीच की गई सम्मान की घोषणा

यह घोषणा मॉरीशस में भारतीय समुदाय के एक विशेष कार्यक्रम के दौरान की गई। इस मौके पर पीएम मोदी ने कहा, मॉरीशस की जनता और सरकार ने मुझे यह सर्वोच्च नागरिक सम्मान देने का निर्णय लिया है, मैं इसे विनम्रता से स्वीकार करता हूं। उन्होंने कहा कि यह सम्मान सिर्फ उनका नहीं, बल्कि भारत और मॉरीशस के ऐतिहासिक संबंधों का प्रतीक है।

भोजपुरी में शुरू किया भाषण, याद की पिछली यात्रा

पीएम मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत भोजपुरी में करते हुए कहा, साथियों, दस साल पहले आज ही के दिन मैं मॉरीशस आया था। तब होली एक हफ्ते पहले बीत चुकी थी और मैं भारत से फगवा (होली) की उमंग लेकर आया था। इस बार मैं मॉरीशस से होली के रंग लेकर भारत जाऊंगा, क्योंकि 14 तारीख को वहां भी रंगों का त्योहार मनाया जाएगा।
यह भी पढ़ें

PM Modi ने मॉरीशस के राष्ट्रपति की पत्नी को इस खूबसूरत बॉक्स में रख कर गिफ्ट की बनारसी साड़ी


गुजरात में चीनी को मोरस क्यों कहते हैं? पीएम मोदी ने सुनाया किस्सा

प्रधानमंत्री ने भारत और मॉरीशस के ऐतिहासिक संबंधों पर बात करते हुए कहा कि एक समय था जब भारत के पश्चिमी हिस्सों में मिठाइयों के लिए मॉरीशस से चीनी आती थी। उन्होंने मजाकिया लहजे में कहा, शायद यही वजह थी कि गुजराती भाषा में चीनी को ‘मोरस’ कहा जाता है। उन्होंने दोनों देशों के संबंधों की “मिठास” को और गहराने की बात कही और मॉरीशस के नागरिकों को राष्ट्रीय दिवस की बधाई दी।

भारत-मॉरीशस के ऐतिहासिक रिश्तों का सम्मान

पीएम मोदी ने कहा, यह सम्मान उन भारतीयों का भी है, जिन्होंने पीढ़ी दर पीढ़ी इस धरती की सेवा की और मॉरीशस को ऊंचाइयों तक पहुंचाया। मैं इस सम्मान को पूरे भारत की ओर से स्वीकार करता हूं।

1998 की यादें और रामायण सम्मेलन

उन्होंने याद किया कि 1998 में जब वे सरकारी पद पर नहीं थे, तब अंतरराष्ट्रीय रामायण सम्मेलन में भाग लेने के लिए मॉरीशस आए थे। उस समय भी नवीन रामगुलाम प्रधानमंत्री थे। पीएम मोदी ने बताया कि जब मैं प्रधानमंत्री बना, तो नवीन जी मेरे शपथ ग्रहण समारोह में दिल्ली आए थे। उन्होंने कहा कि मॉरीशस में प्रभु श्रीराम और रामायण के प्रति गहरी आस्था है और वर्षों बाद भी उन्होंने वही भावनाएं महसूस कीं, जो पहली बार यात्रा के दौरान हुई थीं।

भारत-मॉरीशस संबंधों को मिलेगा नया आयाम

यह सम्मान भारत और मॉरीशस के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक रिश्तों को और मजबूती देगा। पीएम मोदी का यह दौरा दोनों देशों के बीच संबंधों को नए आयाम तक ले जाने वाला साबित हो सकता है।

Hindi News / National News / PM Modi Mauritius Award: पीएम मोदी को मॉरीशस का सर्वोच्च नागरिक सम्मान, बने पहले भारतीय सम्मानित व्यक्ति

ट्रेंडिंग वीडियो