scriptदुनिया का सबसे बड़ा कंटेनर जहाज MSC IRINA भारत के विझिंजम पोर्ट पहुंचा, फुटबॉल मैदान से है चार गुना बड़ा | world largest container ship MSC IRINA arrived at Vizhinjam Port in India | Patrika News
राष्ट्रीय

दुनिया का सबसे बड़ा कंटेनर जहाज MSC IRINA भारत के विझिंजम पोर्ट पहुंचा, फुटबॉल मैदान से है चार गुना बड़ा

दुनिया के सबसे बड़े कंटेनर जहाज एमएससी इरीना के तिरुवनंतपुरम के विझिनजाम अंतर्राष्ट्रीय बंदरगाह पर पहुंचने के साथ ही बर्थिंग प्रक्रिया शुरू हो गई है।

भारतJun 09, 2025 / 01:55 pm

Shaitan Prajapat

दुनिया का सबसे बड़ा कंटेनर जहाज MSC IRINA (Photo- IANS)

भारत ने सोमवार को समुद्री क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की जब दुनिया का सबसे बड़ा कंटेनर जहाज MSC IRINA अदाणी ग्रुप द्वारा विकसित विझिंजम इंटरनेशनल सीपोर्ट पर आकर डॉक हुआ। यह पोर्ट हाल ही में 2 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राष्ट्र को समर्पित किया गया था और अब महज एक महीने के भीतर इतने विशाल जहाज की मेजबानी करके इसने वैश्विक समुद्री कारोबार में भारत की उपस्थिति को और अधिक मज़बूत कर दिया है।

MSC IRINA: तकनीक और क्षमता का अद्भुत संगम

MSC IRINA सिर्फ आकार में ही नहीं, बल्कि तकनीकी दृष्टि से भी दुनिया के सबसे उन्नत जहाजों में गिना जाता है। इसकी लंबाई 399.9 मीटर और चौड़ाई 61.3 मीटर है, जो एक स्टैंडर्ड फुटबॉल मैदान की तुलना में लगभग चार गुना लंबा है। इसकी माल ढोने की क्षमता 24,346 TEUs (Twenty-foot Equivalent Units) है, जो इसे अब तक का सबसे बड़ा कंटेनर जहाज बनाती है।
यह जहाज मार्च 2023 में लॉन्च हुआ और अप्रैल 2023 में अपनी पहली समुद्री यात्रा पर निकला। यह लाइबेरियन फ्लैग के अंतर्गत संचालित होता है। इससे पहले OOCL Spain को सबसे बड़े जहाज का दर्जा प्राप्त था, लेकिन MSC IRINA ने उस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है।

पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार जहाज

इतना विशाल होने के बावजूद MSC IRINA पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी भी निभाता है। इसमें लगी एडवांस्ड टेक्नोलॉजीज के माध्यम से यह जहाज लगभग 4% तक कार्बन उत्सर्जन कम करने में सक्षम है। इसके साथ ही यह 26 लेयर तक कंटेनर स्टैक करने की क्षमता रखता है, जो इसे अत्यधिक प्रभावी और कुशल बनाता है।
यह भी पढ़ें

अनोखा मामला: चोरों ने गांव वालों के खिलाफ लिखवाई FIR, कहा- हमारे भी हैं अधिकार!


विझिंजम पोर्ट: भारत के लिए ग्लोबल गेमचेंजर

केरल के तिरुवनंतपुरम जिले में स्थित विझिंजम पोर्ट, भारत के महत्वाकांक्षी बंदरगाह विकास कार्यक्रम का हिस्सा है। इसके प्राकृतिक गहराई वाले बंदरगाह और रणनीतिक स्थान के कारण यह भविष्य में एशिया और पश्चिमी दुनिया के बीच कंटेनर ट्रांजिट का प्रमुख केंद्र बनने की क्षमता रखता है।
इससे पहले MSC Turkiye और MSC Michel Cappellini जैसे बड़े जहाज यहां आ चुके हैं, लेकिन MSC IRINA का आगमन इस पोर्ट को वैश्विक कंटेनर ट्रांजिट नेटवर्क में और अधिक प्रतिष्ठा दिलाता है।

यह भी पढ़ें

8 से 14 जून तक होगी भयंकर बारिश तो कई राज्यों में तपेगी धरती, IMD ने जारी किया अलर्ट


भारत के लॉजिस्टिक्स सेक्टर को नई उड़ान

MSC IRINA जैसे जहाजों की भारत में दस्तक से देश के समुद्री व्यापार, लॉजिस्टिक्स और इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर को व्यापक लाभ मिलेगा। इससे न केवल निर्यात और आयात की गति बढ़ेगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार और निवेश के नए अवसर भी सृजित होंगे।
यह ऐतिहासिक कदम प्रधानमंत्री मोदी की ‘मेक इन इंडिया’ और ‘लॉजिस्टिक्स में क्रांति’ जैसी पहल को भी सशक्त करता है। MSC IRINA का आना भारत को वैश्विक समुद्री शक्ति बनने की दिशा में एक बड़ा और निर्णायक कदम माना जा रहा है।

Hindi News / National News / दुनिया का सबसे बड़ा कंटेनर जहाज MSC IRINA भारत के विझिंजम पोर्ट पहुंचा, फुटबॉल मैदान से है चार गुना बड़ा

ट्रेंडिंग वीडियो