scriptअगले 48 घंटे आंधी-बारिश का अलर्ट, 12 अप्रैल के बाद फिर बदलेगा मौसम, IMD का लेटेस्ट पूर्वानुमान | IMD Rain Alert in Delhi NCR 48 hours thunderstorm Winds blow at 40 KMPH temperature rise again after 12 April western disturbance active | Patrika News
नई दिल्ली

अगले 48 घंटे आंधी-बारिश का अलर्ट, 12 अप्रैल के बाद फिर बदलेगा मौसम, IMD का लेटेस्ट पूर्वानुमान

IMD Rain Alert: दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत का मौसम एक बार फिर बदलने वाला है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों तक दिल्ली-एनसीआर में आंधी और बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।

नई दिल्लीApr 09, 2025 / 06:29 pm

Vishnu Bajpai

IMD Alert: एक्टिव हुआ तगड़ा सिस्टम! अगले 5 दिनों तक गरज-चमक के साथ होगी बारिश, मौसम विभाग ने जताई संभावना

IMD Rain Alert: दिल्ली-एनसीआर में 48 घंटे आंधी-बारिश का अलर्ट, 12 अप्रैल के बाद फिर चढ़ेगा पारा

IMD Rain Alert: दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में मौसम में बदलाव की शुरुआत कल से होगी। एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ और पश्चिमी राजस्थान के आसपास बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण मौसम विभाग ने उत्तर पश्चिमी भारत के विभिन्न हिस्सों में आंधी और बौछारों की संभावना जताई है। विशेष रूप से दिल्ली और NCR में अगले दो दिनों तक मौसम खराब रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने इस बदलाव को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। जो दिल्ली और एनसीआर में 10 और 11 अप्रैल को सक्रिय रहेगा।
पीटीआई और भाषा की रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली में बुधवार को न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जो सामान्य से 5.6 डिग्री अधिक था। यह पिछले तीन सालों में अप्रैल महीने का सबसे उच्चतम न्यूनतम तापमान था। पिछले साल 2024 में न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस था, जबकि 2023 में यह 23.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा था। 2022 में यह आंकड़ा 26.2 डिग्री सेल्सियस तक था। जो न्यूनतम की श्रेणी में अब तक का सबसे उच्चतम तापमान रहा है।

अगले दो दिनों तक बदला रहेगा दिल्ली-एनसीआर का मौसम

दिल्ली-एनसीआर में अगले दो दिनों के मौसम की बात करें तो IMD ने 10 और 11 अप्रैल को दिल्ली में लू नहीं चलने का पूर्वानुमान जताया है, लेकिन आसमान में बादल होंगे और मौसम में अचानक बदलाव आ सकता है। इस दौरान गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की बौछारें पड़ सकती हैं। हवाओं की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इन दो दिनों के दौरान मौसम विभाग ने गरज-चमक और आंधी के साथ बारिश की चेतावनी दी है।
यह भी पढ़ें

लो आ गई मौसम विभाग की डबल चेतावनी; भीषण गर्मी के बीच आंधी-तूफान और भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो रहा है। इसके चलते पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हो सकती है। जबकि इस पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पूरे उत्तर भारत में गर्मी से राहत मिलने की संभावना है। हालांकि यह राहत ज्यादा दिनों की नहीं है। 12 अप्रैल के बाद मौसम फिर से अपनी चाल बदलेगा और दिन के तापमान में तेजी से इजाफा दर्ज होना शुरू हो जाएगा।

10 अप्रैल को तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी नहीं

10 अप्रैल को दिल्ली में अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। वहीं, 11 और 12 अप्रैल के दौरान राष्ट्रीय राजधानी में अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। 11 अप्रैल को न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जबकि 12 अप्रैल को यह 18 से 20 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।
IMD Rain Alert: दिल्ली-एनसीआर में 48 घंटे आंधी-बारिश का अलर्ट, 12 अप्रैल के बाद फिर चढ़ेगा पारा
13 और 14 अप्रैल को दिल्ली में अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। वहीं, 13 अप्रैल को न्यूनतम तापमान 19 से 21 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा, जबकि 14 अप्रैल को यह 21 से 23 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। 14 अप्रैल को दिल्ली में तापमान में और बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। इस दिन अधिकतम तापमान 39 से 41 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। इसके साथ ही, हवाओं की गति 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा तक रहने की संभावना है।
चंद्र शेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के वरिष्ठ कृषि एवं मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने कहा “मौजूदा मौसम प्रणाली के देखते हुए बढ़ते तापमान के बीच थोड़ी सी राहत की उम्मीद है, लेकिन किसानों के लिए मुश्किलें भी बढ़ने वाली हैं। उत्तर भारत और मध्य भारत में अंधड़-बारिश और बादलों की गड़गड़ाहट की प्रबल संभावना बन रही हैं। आज हरियाणा, पंजाब, पश्चिम उत्तर प्रदेश, दिल्ली, उत्तरी राजस्थान, मध्य प्रदेश में कहीं कहीं बूंदाबांदी और बारिश के साथ आंधी चलने की संभावना है। 10 , 11 ,12 अप्रैल को मौसम ज्यादा प्रभावशाली रहने की संभावना है। अगर बारिश मध्यम से तेज हो गई तो और अंधड़ भी चला तो किसानों के लिए बड़ी परेशानी खड़ी हो सकती है।”

Hindi News / New Delhi / अगले 48 घंटे आंधी-बारिश का अलर्ट, 12 अप्रैल के बाद फिर बदलेगा मौसम, IMD का लेटेस्ट पूर्वानुमान

ट्रेंडिंग वीडियो