scriptMonsoon : आठ दिन पहले आया मानसून 9 दिन पहले पूरे देश में छाया, जून में हुई सामान्य से 7 फीसदी ज्यादा बारिश | Monsoon arrived eight days earlier, covered the entire country 9 days earlier, June witnessed 7% more rainfall than normal | Patrika News
नई दिल्ली

Monsoon : आठ दिन पहले आया मानसून 9 दिन पहले पूरे देश में छाया, जून में हुई सामान्य से 7 फीसदी ज्यादा बारिश

जून में राजस्थान, गुजरात, मध्यप्रदेश और गुजरात सहित 11 राज्यों में सामान्य से अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई है। लद्दाख में सामान्य से 305 फीसदी, जबकि राजस्थान में सामान्य से 136 फीसदी ज्यादा बारिश हुई है।

नई दिल्लीJun 30, 2025 / 06:18 pm

pushpesh

पुष्पेश शर्मा @ नई दिल्ली. इस बार आठ दिन पहले आए दक्षिण-पश्चिम मानसून ने रविवार को 9 दिन पहले ही पूरे देश को कवर कर लिया। पूरे देश में मानसून छाने की सामान्य तारीख 8 जुलाई है। समय पूर्व आए मानसून के कारण जून महीने में देश में सात फीसदी ज्यादा बारिश दर्ज की गई है, जो पिछले चार वर्ष में सबसे ज्यादा है। मानसून की मेहर से किसानों को भी फायदा हुआ है। इस बार पिछले वर्ष की तुलना में खरीफ की बुवाई 13 लाख हेक्टेयर बढ़ गई है। हालांकि कई हिस्सों में वर्षा अभी सामान्य से कम है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के आंकड़ों के मुताबिक जून में राजस्थान, गुजरात, मध्यप्रदेश और गुजरात सहित 11 राज्यों में सामान्य से अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई है। लद्दाख में सामान्य से 305 फीसदी, जबकि राजस्थान में सामान्य से 136 फीसदी ज्यादा बारिश हुई है। जम्मू-कश्मीर, कर्नाटक, महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल सहित 12 राज्यों में सामान्य बारिश दर्ज की गई है। जबकि राजधानी दिल्ली, छत्तीसगढ़, बिहार, आंध्रप्रदेश और तेलंगाना सहित पूर्वी और पूर्वोत्तर के कुछ राज्यों को अच्छी बारिश का इंतजार है।

13 लाख हेक्टेयर में ज्यादा बुवाई

देश में समय पूर्व मानसून के आगमन से इस बार खरीफ की फसल बुवाई (crop sowing) का रकबा भी बढ़ गया। 20 जून तक देश में 137.84 लाख हेक्टेयर (Hectares) क्षेत्र में खरीफ की बुवाई (Kharif sowing) हो चुकी है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 13 लाख हेक्टेयर ज्यादा है। पिछले वर्ष इस समयावधि में 124.88 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में बुवाई हुई थी। धान की बुवाई भी 58 फीसदी बढकऱ 13.22 लाख हेक्टेयर हो गई है।

एक दशक में सिर्फ दो साल सामान्य से अच्छी बारिश

2015 : -16%
2016 : -11%
2017: -04%
2018: -05%
2019 : -33%
2020 : 18%
2021 : 08%
2022 : -08%
2023 : -10%
2024 : -11%
(2020 और 2021 में सामान्य से ज्यादा बारिश हुई)

4 राज्य/यूटी में सामान्य से काफी ज्यादा

लद्दाख : 305%
गुजरात: 122 %
झारखंड: 181.4 %
राजस्थान : 136%
119.4 मिमी बारिश हुई, जबकि सामान्य 50.7 मिमी है।

7 राज्यों/यूटी में सामान्य से ज्यादा

हिमाचल: 24%
पंजाब : 26%
उत्तराखंड: 21%
हरियाणा: 24%
मध्यप्रदेश: 42%
तमिलनाडु: 20%
अंडमान निकोबार: 50%

12 राज्यों मेें सामान्य वर्षा

जम्मू-कश्मीर: 05%
उत्तर प्रदेश : -01%
महाराष्ट्र : 07%
कर्नाटक-10%
गोवा: -17%
केरल : -01%
ओडिशा: 14%
पश्चिम बंगाल : 04%
त्रिपुरा: -10%
मिजोरम: 09%
मणिपुर: -16%
नगालैंड: -06%

9 राज्य/यूटी में कम

अरुणाचल प्रदेश
असम
मेघालय,
सिक्किम
बिहार
छत्तीसगढ़
तेलंगाना
आंध्र प्रदेश
लक्ष्यदीप
नई दिल्ली
(सभी आंकड़े 29 जून शाम पांच बजे तक )

Hindi News / New Delhi / Monsoon : आठ दिन पहले आया मानसून 9 दिन पहले पूरे देश में छाया, जून में हुई सामान्य से 7 फीसदी ज्यादा बारिश

ट्रेंडिंग वीडियो