एक समृद्ध कहानी कहने की परंपरा के साथ, भारत का मीडिया और मनोरंजन क्षेत्र ‘भारत में निर्माण करें, दुनिया के लिए निर्माण करें’ दृष्टिकोण के माध्यम से दुनियाभर के रचनाकारों को जोडऩे का लक्ष्य रखता है। भारत फिल्म, संगीत, कला और प्रौद्योगिकी जैसे विभिन्न क्षेत्रों में युवा रचनाकारों की बढ़ती आबादी वाला राष्ट्र है। विशेष रूप से, नमित मल्होत्रा के डीएनईजी ने दृश्य प्रभाव और एनीमेशन स्टूडियो के माध्यम से ड्यून 2 की ऑस्कर अर्जित सफलता में अभूतपूर्व वीएफएक्स का प्रदर्शन किया। यह भारत की 7वीं ऑस्कर सफलता थी, जिसने वैश्विक मनोरंजन उद्योग में भारत के बढ़ते प्रभाव को उजागर किया। पारंपरिक फिल्म निर्माण से डिजिटल निर्माण तक की विकास यात्रा विश्व स्तरीय कंटेंट बनाने में देश की क्षमता को दर्शाती है।
भारत सरकार के विश्व श्रव्य-दृश्य मनोरंजन शिखर सम्मेलन (वेव्स) 2025 के अंग, वेव्स एक्सेलरेटर (वेवएक्स) का उद्देश्य युवा रचनाकारों को उद्योग जगत प्रमुखों से जोडऩा और स्टार्टअप विकास को बढ़ावा देना है। मई 2025 में मुंबई में होने वाला वेव्स, संरक्षण, वित्त पोषण और वैश्विक अवसर प्रदान करते हुए भारत के मीडिया और मनोरंजन स्टार्टअप इकोसिस्टम को बढ़ाने की दिशा में प्रयासरत है। इस क्षेत्र में वर्ष 2023 के 2,422 बिलियन रुपए से 2027 तक 3,067 बिलियन रुपए तक की वृद्धि होने का अनुमान है, जिसमें गेमिंग, एआइ और मेटावर्स जैसे अभिनव क्षेत्र शामिल हैं। पहचान स्थापित करने की चुनौतियों के बावजूद, वेव्स- ब्रह्मन गेम स्टूडियो, कीबाउंड और वायॉन क्लाउड जैसे स्टार्टअप के लिए वैश्विक निवेशकों के समक्ष अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के लिए एक मंच प्रदान करता है।
इस पहल में लैपविंग स्टूडियो और वाइगर मीडिया जैसे महिलाओं के नेतृत्व वाले स्टार्टअप भी शामिल हैं, जो मीडिया और मनोरंजन इकोसिस्टम के भीतर समावेशिता को बढ़ावा देते हैं। वेव्स एक ऐसा गतिशील और प्रतिस्पर्धी स्टार्टअप वातावरण बनाने के लिए प्रतिबद्ध है, जो अंतरराष्ट्रीय सफलता के लिए लॉन्चपैड के रूप में कार्य करेगा। वेवएक्स सीधे पूंजी, सलाह और वैश्विक प्रदर्शन में आने वाली बाधाओं का समाधान उपलब्ध कराते हुए न केवल वित्तीय सहायता प्रदान करेगा बल्कि विकास के लिए एक सुव्यवस्थित इकोसिस्टम भी प्रदान करेगा। मात्र 10,000 रुपए और एक विजन के साथ शुरू किए गए बायोकॉन के बाद, मैं ऐसे प्रेरणादायी प्लेटफार्मों के महत्त्व को समझती हूं।
म्यूजियम ऑफ ऑर्ट एंड फोटोग्राफी (एमएपी) और साइंस गैलरी बेंगलूरु जैसी पहलों के माध्यम से कला के समर्थक के तौर पर, मेरा मानना है कि किसी देश की संस्कृति उसकी कला और विज्ञान दोनों में निहित होती है। कला और विज्ञान दोनों ही रचनात्मकता में निहित हैं, वैज्ञानिक भी प्रयोगशालाओं में उसी तरह प्रयोग करते हैं जैसे कलाकार कैनवास पर करते हैं। अपने जनसांख्यिकीय लाभ, तकनीकी क्षमताओं और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के शानदार सामंजस्य के साथ निरंतर आगे बढ़ रहा भारत रचनात्मकता का एक समृद्ध केंद्र है। भारत में यह समायोजन सिर्फ दार्शनिक नहीं है अपितु व्यावहारिक भी है, उद्योगों को आकार दे रहा है और मीडिया एवं मनोरंजन क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा दे रहा है।
सदियों से चली आ रही कहानी कहने की परंपरा के साथ, भारत एक वैश्विक रचनात्मक शक्ति के रूप में उभरने के मामले में बेहद शानदार स्थिति में है। शास्त्रीय नृत्य से लेकर सिनेमा तक और कॉमिक्स से लेकर इमर्सिव तकनीक तक, हम एक रोमांचक युग में प्रवेश कर रहे हैं जहां रचनात्मकता अत्याधुनिक नवाचार के साथ जुड़ती है। ‘भारत में निर्माण करें, दुनिया के लिए निर्माण करें’ की अवधारणा इस महत्त्वाकांक्षा को पूरी तरह से दर्शाती है। वेव्स तकनीक और कहानी कहने की सुंदर समाभिरूपता का उदाहरण है। वेवएक्स एनिमेशन, एआइ, एआर/वीआर, गेमिंग और मेटावर्स जैसे अभिनव क्षेत्रों में स्टार्टअप का समर्थन करके इसका लाभ उठाने के लिए तैयार है। वेव्स बाज़ार के लिए 4500 से ज्यादा विक्रेता और 5,900 से ज्यादा खरीदार पंजीकृत हैं। इस पहल से भारतीय स्टार्टअप को वैश्विक कंपनियों से जोडऩे का वादा किया गया है, जिससे वैश्विक मीडिया और मनोरंजन परिदृश्य में भारत के अग्रणी बनने की गति में तेजी आएगी।
वेव्स पारंपरिक मीडिया से आगे जाते हुए नवाचार को भी बढ़ावा देता है। एरुकैनाविस टेक्नोलॉजीज जैसी कंपनियां एआइ-संचालित विज्ञापनों में अग्रणी हैं, जबकि अमेज स्टूडियो और ऑफलाइन ह्यूमन स्टूडियो एनिमेशन और वीआर के माध्यम से कहानी कहने को फिर से परिभाषित कर रहे हैं। इनस्केप एक्सआर और विजन इम्पैक्ट जैसे एड-टेक उद्यम इमर्सिव मीडिया के साथ इस क्षेत्र के शिक्षण कौशल को नया रूप दे रहे हैं। साथ में, ये स्टार्टअप भारत के रचनात्मक इकोसिस्टम की विशाल क्षमता और वैश्विक प्रासंगिकता को उजागर करते हैं। वेव्स 2025 भारत के मीडिया और मनोरंजन उद्योग का उत्सव मात्र नहीं है, यह अगली पीढ़ी के रचनाकारों और उद्यमियों के लिए एक लॉन्चपैड भी है जो मनोरंजन, शिक्षा और संस्कृति के उपयोग के तरीके को परिवर्तित करने के लिए तैयार है। वेव्स के सलाहकार बोर्ड के सदस्य के रूप में, मुझे इस यात्रा का हिस्सा बनने पर गर्व है। इस पहल का प्रभाव स्टूडियो और बोर्डरूम से कहीं आगे तक जाएगा और यह हर कहानी, हर स्टार्टअप और हर उस नवाचार में गुंजन उत्पन्न करेगा जो परंपरा को चुनौती देता है।