बिहार में अपराधियों का राज
तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में अपराधियों का मनोबल इस प्रकार से बढ़ गया है कि वे अब वीवीआईपी इलाके में भी गोलीबारी करने लगे हैं। यह पहली घटना है, इससे पहले बिहार के वीवीआईपी इलाके में कोई भी फायरिंग करने का साहस नहीं किया था। लेकिन नीतीश सरकार में अपराधियों का मनोबल कुछ इस प्रकार से बढ़ गया है कि वे अब यहां भी फायरिंग करने लगे हैं। सरकार का बिहार में अब इकबाल खत्म हो गया है। आज की घटना इसकी एक बनागी है। तेजस्वी यादव ने आगे कहा कि प्रशासन और सरकार में अराजकता फैल गई है। तेजस्वी यादव ने आगे कहा कि बिहार में अब कोई भी सुरक्षित नहीं है। कानून नहीं अपराधियों का राज है। सीएम नीतीश कुमार कानून बनाकर AK-47 वालों को जेल से छोड़ने का काम करते हैं। सरकार का अपराधियों को समर्थन प्राप्त है। प्रशासन और सरकार में अराजकता फैली हुई है। पत्रकारों से बात करते हुए तेजस्वी यादव ने आगे कहा कि जिनके घर IPS अधिकारी AK-47 बरामद करते है, जो IAS की हत्या करते है वैसे दुर्दांत अपराधियों को नीतीश कुमार, जी स्वयं अपने अधीन विभाग के कानून में संशोधन कर जेल से बाहर निकलवाते है।
अनंत सिंह और आनंद मोहन पर साधा निशाना
AK-47 वालों कानून बनाकर नीतीश जी छोड़ देते हैं। तेजस्वी यादव ने यह कहकर बाहुबली पूर्व विधायक अनंत सिंह और पूर्व सांसद आनंद मोहन पर तंज कसा है। अनंत सिंह की पत्नी और आनंद मोहन के बेटे को आरजेडी ने 2020 के विधान सभा चुनाव में अपना प्रत्याशी बनाया था। दोनों चुनाव जीतने के बाद आरजेडी को छोड़कर जदयू में चले गए थे। तेजस्वी यादव गुरुवार बिना दोनों नेता काम लिए नीतीश सरकार पर हमला किया। पुलिस की छापेमारी में अनंत सिंह के घर से AK-47 मिला था जबकि आनंद मोहन पर AK-47 से आईएएस ऑफिसर की हत्या का आरोप है।
क्या है मामला
दरअसल, गुरुवार की सुबह में अपराधियों ने लूटपाट करने में असफल होने पर राहुल नामक एक व्यक्ति पर गोलीबारी करने के बाद फरार हो गए। अपराधियों ने इस घटना को मंत्री अशोक चौधरी के आवास के सामने दिया। अशोक चौधरी के घर के पास ही नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव का आवास है, पटना हाई कोर्ट के जज का आवास है। वीवीआईपी क्षेत्र होने के कारण यहां पर बड़ी संख्या में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। इसके बावजूद अपराधी लूट की घटना को अंजाम देने में असफल होने पर फायरिंग कर फरार हो गए। इस घटना के बाद से बिहार में सियासी पारा चढ़ गया है। तेजस्वी यादव लगातार नीतीश कुमार पर हमला कर रहे हैं।