बारात जाने के दस मिनट के भीतर ही हो गया भीषण हादसा, सीएम ने लिया संज्ञान
मौके पर पहुंची पुलिस ने बोलेरो गाड़ी के दरवाजे काटकर घायलों को बाहर निकाला। तब तक लेकिन दूल्हा, उसकी भाभी समेत पांच की मौत हो चुकी थी। जबकि दूल्हे की बहन समेत तीन ने अस्पताल में दम तोड़ा। हादसे में दो घायल हैं। दोनों की हालत नाजुक है। उन्हें अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। गाड़ी में दूल्हे के परिवार के दस लोग सवार थे। बारात महज 2 किमी दूर बदायूं के सिरसौल गांव जा रही थी।भीषण हादसे के बाद जिस घर में कुछ देर पहले तक विवाह की तैयारियां हो रही थीं वहां अब मातम पसरा था।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे का संज्ञान लिया। मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए।
बदायूं जा रही बारात में दूल्हे की गाड़ी दीवाल से टकराई, परखच्चे उड़े
जानकारी के मुताबिक दूल्हा सूरज संभल में जुनावई थाना क्षेत्र के हर गोविंदपुर का रहने वाला था। वह शुक्रवार की शाम बारात लेकर बदायूं की तहसील बिल्सी के गांव सिरसौल जा रहा था। उसकी गाड़ी में परिवार की महिलाएं और रिश्तेदार समेत 10 लोग बैठे हुए थे। इसी बीच यह भीषण हादसा हो गया।हादसे की सूचना मिलते ही ASP दक्षिण अनुकृति शर्मा भरी फोर्स के साथ मौके पर पहुंची । घटनास्थल पर मिले पहचान पत्रों के आधार पर परिवार को हादसे की सूचना दी।
दूल्हे सहित पांच की मौत, दो की हालत गंभीर
पुलिस के अनुसार, हादसे में दूल्हा सूरज पुत्र सुखराम, बहन कोमल , भाभी आशा , भतीजी ऐश्वर्या , सचिन और उनकी पत्नी मधु , गणेश पुत्र देवा, और ड्राइवर रवि पुत्र बच्चू बंजारा की मौत हुई है। घायल देवा पुत्र हुकुम सिंह और हिमांशी पुत्री लाल सिंह का इलाज चल रहा है।
बारात के स्वागत की तैयारी कर रहे दुल्हन के घर मचा कोहराम
दूल्हे सूरज की शादी बदायूं के रहने वाले राजू की बेटी अंजू से तय हुई थी। बारात शाम सात बजे के करीब बदायूं के लिए निकली थी। लेकिन महज दस मिनट बाद ये भीषण सड़क हादसा हो गया। दुल्हन के परिवार में दुर्घटना की सूचना मिलते ही कोहराम मच गया। जहां बारात के स्वागत की तैयारी चल रही थी वहीं हर और चीख पुकार और मातम पसरा हुआ था।
के.के विश्नोई, SP संभल
SP संभल केके बिश्नोई ने बताया कि हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। कटर से गाड़ी के दरवाजे काटे गए। लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया। उन्हें सीएचसी भेजा गया। इस दुर्घटना में आठ लोगों की मौत हो गई जबकि दो गंभीर रूप से घायल हैं।