मोंटे कार्लो मास्टर्स के अंतिम-32 मुकाबले में भारत और अमेरिकी की पुरुष युगल जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अर्जेंटीना के फ्रांसिस्को सेरुंडोलो और चिली के एलेजांद्रो टेबिलो की जोड़ी को 1 घंटे छह मिनट में 6-3, 7-5 से हराया। इस जीत के साथ बोपन्ना और शेल्टन की जोड़ी अंतिम-16 में पहुंच गई, जहां उसका सामना तीसरी वरीयता प्राप्त इटली के सिमोन बोलेली और एंड्रिया वावास्सोरी की जोड़ी से होगा।
एटीपी की ओर से सोशल मीडिया पर भारतीय टेनिस खिलाड़ी रोहन बोपन्ना के रिकॉर्ड तोड़ने की जानकारी सोशल मीडिया पर दी गई है। हालांकि उन्होंने किसका रिकॉर्ड तोड़ा है, इस संबंध पुरुषों की पेशेवर टेनिस की वैश्विक संस्था की ओर से किसी तरह की जानकारी साझा नहीं की है। वैसे पुरुष एकल स्पर्धा में एटीपी मास्टर्स 1000 लेवल मैच जीतने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी का रिकॉर्ड क्रोएशिया के इवो कार्लोविक के नाम है, जिन्होंने जिन्होंने 2019 में इंडियन वेल्स में 40 साल की उम्र में भारत के प्रजनेश गुणेश्वरन को हराया था।
अनुभवी भारतीय टेनिस खिलाड़ी रोहन बोपन्ना पिछले वर्ष ओपन युग में ग्रैंड स्लेम जीतने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बने थे। उन्होंने 2024 में अपने ऑस्ट्रेलियाई जोड़ीदार मैथ्यू एब्डेन संग ऑस्ट्रेलियन ओपन का पुरुष युगल खिताब अपने नाम किया था। इस उपलब्धि के साथ रोहन बोपन्ना को युगल में पहली बार विश्व नंबर एक खिलाड़ी बनने में भी मदद मिली थी। इतना ही नहीं, मार्च 2024 में रोहन बोपन्ना ( ऑस्ट्रेलियाई जोड़दार मैथ्यू एब्डेन) मियामी ओपन में सबसे उम्रदराज एटीपी मास्टर्स 1000 चैंपियन बने थे।