Monsoon में घूमने के लिए राजस्थान का ये जिला बना देसी-विदेशी पर्यटकों की पहली पसंद, देखें 2022 से 2025 तक के आंकड़े
Udaipur Best Places To Visit: फतहसागर और पिछोला झील, बावड़ियां, सज्जनगढ़ किला, बायोलॉजिकल पार्क, सहेलियों की बाड़ी, सिटी पैलेसे और प्रताप गौरव केन्द्र जैसे दर्जनों पर्यटक स्थल उदयपुर की शोभा बढ़ाते हैं।
Best Place To Visit In Monsoon: खूबसूरत वादियां, झीलें, पहाड़ और जंगल। यही खासियत लेकसिटी की तरफ पर्यटकों के कदम खींच रही है। देसी और विदेशी सैलानियों के लिए उदयपुर पसंदीदा पर्यटन स्थल बन गया है। यही कारण है कि पिछले साल की तुलना में इस साल मई माह तक ज्यादा संख्या में पर्यटक घूमने आए हैं। मई माह तक 6 लाख 92 हजार से ज्यादा पर्यटक यहां आए हैं। इनमें 80 हजार विदेशी पर्यटक भी शामिल है। जबकि, पिछले मई माह तक 6 लाख 75 हजार सैलानी घूमने आए थे। पर्यटन विभाग की उप निदेशक शिखा सक्सेना ने बताया कि इस साल उदयपुर में पर्यटकों की आवक अच्छी रही है।
कोविड की महामारी के बाद देश में देसी पर्यटन तेजी से बढ़ रहा है। हर साल लाखों लोग घरों से बाहर घूमने निकल रहे हैं। सीजन में देसी पर्यटक बड़ी तादाद में राजस्थान आ रहे हैं। पर्यटकों को उदयपुर शहर काफी रास आ रहा है। यहां गुजरात, महाराष्ट्र समेत विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में लोग लुत्फ उठाने आ रहे हैं। इस साल विदेशी पर्यटकों की भी अच्छी आवक हुई। पिछले साल की तुलना में इस साल विदेशी पर्यटक भी ज्यादा संख्या में आए।
लुभाते हैं यहां के प्राकृतिक स्थल
उदयपुर में कई पर्यटन स्थल पर्यटकों को लुभाते हैं। फतहसागर और पिछोला झील, बावड़ियां, सज्जनगढ़ किला, बायोलॉजिकल पार्क, सहेलियों की बाड़ी, सिटी पैलेसे और प्रताप गौरव केन्द्र जैसे दर्जनों पर्यटक स्थल उदयपुर की शोभा बढ़ाते हैं। जहां हर दम पर्यटकों की भीड़ लगी रहती है। जैव विविधता का भी यह बड़ा केन्द्र है जहां विभिन्न प्रजातियों के जीव जंतु मौजूद है। यहां पर्यटन बढ़ने का एक बड़ा कारण यातायात के साधन भी है। एयरपोर्ट और ट्रेनों की सुविधा उपलब्ध होने से पर्यटकों का आवागमन बढ़ा है।