scriptRajasthan Politics: राजनीति में इंसान कब बदल जाए कोई भरोसा नहीं, अजमेर में बोलीं वसुंधरा राजे | Vasundhara Raje spoke at inauguration ceremony of statue of Sanwarlal Jat | Patrika News
अजमेर

Rajasthan Politics: राजनीति में इंसान कब बदल जाए कोई भरोसा नहीं, अजमेर में बोलीं वसुंधरा राजे

पूर्व केंद्रीय मंत्री व किसान नेता सांवरलाल जाट की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम में वसुंधरा राजे ने संबोधित किया।

अजमेरJul 07, 2025 / 11:04 am

Lokendra Sainger

vasundhara raje

Photo- Vasundhara Raje X Handle

पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने रविवार को सिरोंज में पूर्व केंद्रीय मंत्री व किसान नेता सांवरलाल जाट की प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने कहा कि सांवरलाल जाट गांव, गरीब और किसानों की आवाज थे। उन्होंने सादगी, ईमानदारी और समर्पण से सार्वजनिक जीवन जिया। उन्होंने यह भी कहा कि वे और सांवरलाल जाट राजनीति की एक ही पाठशाला से निकले और वर्षों तक साथ काम किया।
केन्द्रीय कृषि राज्यमंत्री भागीरथ चौधरी ने पूर्व मुख्यमंत्री राजे के कार्यकाल में किशनगढ़ क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सांवरलाल जाट ने हमेशा हर कार्य में सहयोग किया। नसीराबाद विधायक रामस्वरूप लांबा ने कहा कि बीसलपुर का पानी आज अजमेर पहुंचा है तो उसका श्रेय उनके पिता सांवरलाल जाट को जाता है।

पूरे प्रदेश में पहुंचाया पानी’

पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा कि सांवरलाल जाट ने पूरे प्रदेश में पानी पहुंचाने का कार्य किया। बीसलपुर का पानी अजमेर पहुंचाया। उनके पुत्र नसीराबाद विधायक रामस्वरूप लाम्बा उनके पदचिन्हों पर चलकर उनकी सोच को आगे बढ़ा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मौसम और इंसान कब बदल जाए कोई भरोसा नहीं। आजकल की दुनिया अलग सी है। आजकल राजनीति में लोग नई दुनिया बसा लेते हैं, चेहरे पर चेहरे, कई चेहरे लगा लेते हैं। मगर सांवरलाल जाट ऐसे नहीं थे। वे मरते दम तक मेरे साथ थे। वे कभी नहीं बदले।

भैरोंसिंह स्कूल से निकले

उन्होंने कहा कि वे और सांवरलाल भैरोंसिंह शेखावत की पाठशाला से निकले थे। काम करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। उन्होंने कहा कि भैरोंसिंह शेखावत, सांवरलाल जाट, दिगम्बर सिंह के चले जाने से नुकसान हुआ है। आज वे होते तो राजस्थान के राजनीतिक हालात कुछ और होते। वे पूरे प्रदेश की मदद करते। मैं समझती हूं मेरी भी मदद करते।

सांवरलाल को बताया राजनीतिक गुरु

विधायक विकास चौधरी ने संबोधन में सांवरलाल जाट को राजनीतिक गुरु बताते हुए उन्हें याद किया। उन्होंने कहा कि जाट व वसुंधरा राजे उनके आदर्श हैं।

…तो छोड़ देते सीट

किशनगढ़ विधायक विकास चौधरी ने कहा कि यदि वे उस समय राजनीति में होते तो किशनगढ़ सीट सांवरलाल जाट के लिए छोड़ देते। उन्होंने उन्हें जल पुरोधा बताते हुए कहा कि आज भी लोग उन्हें याद करते हैं। कार्यक्रम को ब्यावर विधायक शंकर सिंह रावत, ओसियां विधायक भैराराम सियोल, पूर्व मंत्री यूनुस खान, राजपाल सिंह शेखावत आदि ने संबोधित किया।

Hindi News / Ajmer / Rajasthan Politics: राजनीति में इंसान कब बदल जाए कोई भरोसा नहीं, अजमेर में बोलीं वसुंधरा राजे

ट्रेंडिंग वीडियो