शोर मचाने पर तेंदुए ने किया हमला
जानकारी के मुताबिक, किसान केसरी खेत में गेहूं की कटाई कर रहे थे, तभी अचानक तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया। जैसे ही किसान ने तेंदुए को देखा, उन्होंने शोर मचाया, जिससे आसपास के ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों द्वारा पीछा किए जाने पर तेंदुए ने किसान पर हमला कर दिया और फिर पास के खेत में जाकर छिप गया।
चेहरे और हाथ पर आई गंभीर चोटें
तेंदुए के हमले में किसान केसरी के चेहरे और हाथ पर गंभीर चोटें आई हैं। घायल किसान को तुरंत सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
इलाके में फैली दहशत, वन विभाग अलर्ट
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ समय से आसपास के कई गांवों में तेंदुए को देखा जा रहा है, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है। पिंजरे लगाए, सर्च ऑपरेशन शुरू
वन क्षेत्राधिकारी संजय चौधरी ने बताया कि तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरे लगाए गए हैं और सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि तेंदुए को जल्द से जल्द पकड़ा जाए ताकि दोबारा कोई हादसा न हो।