अशोकनगर जिले में हड़ताली कर्मचारियों, अधिकारियों की संख्या करीब 225 बताई जा रही है। इन सभी को जारी नोटिस CMHO ने कहा है कि काम पर आ जाओ नहीं तो निष्कासन कर दिया जाएगा।
मध्यप्रदेश में सभी संविदा स्वास्थ्यकर्मी हड़ताल पर बैठे हैं। उनका आरोप है कि राज्य सरकार ने वादा खिलाफी की है, पूर्ववर्ती शिवराजसिंह चौहान की सरकार द्वारा किए गए वादे नहीं निभाए। संविदा स्वास्थ्य अधिकारी, कर्मचारी स्पष्ट कह रहे हैं कि जब तक उनकी मांगे नहीं मानी जाती, वे काम पर नहीं लौटेंगे, तब तक हड़ताल जारी रहेगी।
कुल 225 कर्मचारी, अधिकारी हड़ताल पर
प्रदेशभर की तरह अशोकनगर जिले में भी संविदा स्वास्थ्यकर्मी पिछले 5 दिनों से हड़ताल पर हैं। यहां कुल 225 कर्मचारी, अधिकारी हड़ताल पर हैं जिससे स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हो गई हैं। जिला अस्पताल परिसर में ही विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। हड़ताल के दौरान एकाउंटेंट विशाल बंसल की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया है।
हड़ताल खत्म नहीं करने पर निष्कासित कर दिए जाने की चेतावनी
इस बीच सीएमएचओ डॉक्टर नीरज छारी ने सख्त तेवर अख्तियार कर लिए हैं। उन्होंने हड़ताल कर रहे कर्मचारियों, अधिकारियों को हटाने की चेतावनी दी है। सीएमएचओ ने सभी हड़ताली संविदा स्वास्थ्यकर्मियों को नोटिस जारी किया है। इसमें तुरंत काम पर लौटने को कहा गया है। हड़ताल खत्म नहीं करने पर निष्कासित कर दिए जाने की चेतावनी दी है।