scriptमार्स लैंडर मिशन को अंतरिक्ष आयोग की मंजूरी | Patrika News
बैंगलोर

मार्स लैंडर मिशन को अंतरिक्ष आयोग की मंजूरी

कैबिनेट मंजूरी के लिए जल्द भेजे जाने की उम्मीद
लैंडर के अलावा रोटरक्राफ्ट भी भेजने की योजना

बैंगलोरFeb 22, 2025 / 08:10 pm

Rajeev Mishra

मंगल मिशन की सफलता के बाद भारत फिर एक बार लाल ग्रह पर अपना मिशन भेजने की योजना बना रहा है। इस बार मंगल ग्रह की सतह पर भारत अपना लैंडर उतारेगा। पहले मिशन में भारत ने अपना उपग्रह मंगल ग्रह की कक्षा में स्थापित किया गया था।
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने कहा है कि अंतरिक्ष आयोग ने मार्स लैंडर मिशन (एमएलएम) की मंजूरी दे दी है। अब यह प्रस्ताव कैबिनेट के पास मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। कैबिनेट से मंजूरी मिलने के बाद मिशन के लिए बजट आवंटित होगा। अंतरिक्ष आयोग ने अपनी 154 वीं बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी थी। पहला मिशन मार्स आर्बिटर मिशन (एमओएम) था।
अंतरिक्ष आयोग से मिशन को मंजूरी मिलने का अर्थ है कि इसरो ने अंतरिक्षयान की संरचना को अंतिम रूप दे दिया है। साथ ही, मिशन में प्रयोग किए जाने वाले उपकरणों (पे-लोड) पर भी फैसला हो गया होगा। इसरो के उच्च पदस्थ अधिकारियों के मुताबिक मार्स लैंडर मिशन 2031 तक लांच करने की योजना है। इस मिशन के तहत लैंडर के अलावा एक रोवर और एक रोटरक्राफ्ट (हेलीकॉप्टर) भी भेजा जा सकता है, जिसका वजन 5 किग्रा के आसपास रहेगा।

पहले मिशन में 5 पे-लोड

इसरो ने 5 नवम्बर 2013 को अपना पहला मंगल मिशन पीएसएलवी सी-25 से लांच किया था जिसे 24 सितम्बर 2014 को मंगल ग्रह की कक्षा में स्थापित किया गया। पहले मिशन के साथ इसरो ने कुल 5 पे-लोड भेजे थे। पहला मिशन छह माह के लिए भेजा गया लेकिन लगभग 8 साल तक सक्रिय रहा।

तलाशेंगे जीवन के चिन्ह

दरअसल, मंगल धरती के निकटतम ग्रहों में से एक है। वैज्ञानिकों को विश्वास है कि यहां प्राचीन काल में जीवन रहा है। वर्ष 1960 से ही काफी संख्या में उपग्रहों के अलावा लैंडर और रोवर मंगल ग्रह पर भेजे गए। इन अभियानों से मंगल ग्रह के विभिन्न वैज्ञानिक पहलुओं पर प्रकाश डालने वाले काफी आंकड़े प्राप्त हुए हैं। इन आंकड़ों के विश्लेषण से पता चलता है कि धूल से भरे और सूखे सतह वाले इस ग्रह पर जीवन की मौजूदगी की काफी संभावनाएं हैं। इसरो अपने मिशन के जरिए मंगल की सतह पर जीवन के चिन्ह तलाशने के अलावा भविष्य में बस्तियां बसाने के विकल्पों को आजमाएगा।

Hindi News / Bangalore / मार्स लैंडर मिशन को अंतरिक्ष आयोग की मंजूरी

ट्रेंडिंग वीडियो